विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 06, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रांची में आगजनी- हिंसक झड़प, चौक के नामकरण पर बीच सड़क पर घंटों बवाल

By Alok ShahiEdited By:
Published: Mon, 06 Jan 2020 07:39 AM (IST)

उग्र लोगों ने कांग्रेस नेता पर धारदार हथियार से हमला किया जबकि दूसरे पक्ष ने भाजपा कार्यकर्ता के घर व टिंबर में आग लगा दी।

रांची में आगजनी- हिंसक झड़प, चौक के नामकरण पर बीच सड़क पर घंटों बवाल
रांची में आगजनी- हिंसक झड़प, चौक के नामकरण पर बीच सड़क पर घंटों बवाल

खास बातें

  • पुलिस लाठीचार्ज में आधा दर्जन महिलाएं घायल, छावनी में बदला कांके चौक 
  • भाजपा कार्यकर्ता के घर में बच्चे और महिलाएं आगजनी में बाल-बाल बचे 
  • आग बुझाने पहुंचीं आठ दमकलें, देर रात तक धधकती रही आग

रांची, जासं। रांची स्थित कांके चौक के नामकरण को लेकर दो पक्षों का विवाद रविवार शाम मारपीट, आगजनी और उपद्रव में बदल गया। विवाद के दौरान जहां एक पक्ष के लोगों ने कांग्रेस नेता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता के टिंबर और घर में आग लगा दी। आगजनी में भाजपा कार्यकर्ता का परिवार बाल-बाल बचा। इसके बाद लगातार रात के करीब 10 बजे तक रुक-रुक कर झड़प होती रही। दोनों पक्षों से उग्र लोग लाठी-डंडे पत्थर व अन्य हथियार लेकर एक-दूसरे को ललकारते रहे।

इस दौरान पुलिस को हालात पर नियंत्रण करने के लिए दो बार लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कई लोग घायल हो गए। आधा दर्जन से अधिक महिलाओं को भी चोट लगी है। सुरक्षा के मद्देनजर कांके चौक, न्यू मार्केट व आसपास का इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। देर रात तक दमकलकर्मी लकड़ी टाल (टिंबर) में लगी आग बुझाने में लगे रहे। 

क्या है मामला

बताया जाता है कि कांके चौक पर स्व. लक्ष्मण महतो की प्रतिमा लगी है। इस पर चौक का नामकरण स्व. लक्ष्मण महतो चौक किया गया। दूसरे पक्ष के लोग चौक का नाम जय श्रीराम चौक करना चाहते थे। वहीं पहली प्रतिमा को हटाकर वहां मुरारी यादव की प्रतिमा लगाने की तैयारी थी। इसे लेकर दो जनवरी से ही विवाद की स्थिति बनी हुई थी। रविवार शाम करीब पांच बजे कदमा निवासी संदीप महतो और कांके चौक निवासी आशीष सिंह व गोलू सिंह के बीच चौक के नामकरण को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्ष कांके थाना पहुंचे।

इसके बाद कांके थानेदार विनय सिंह दोनों पक्षों के साथ कांके चौक पहुंचे, लेकिन वहां कांके थानेदार की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें कांग्रेस नेता मदन महतो पर थानेदार के सामने फरसा और तलवार से हमला कर दिया गया। इस हमले में मदन बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने कांके जनरल अस्पताल में उनका प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल रेफर कर दिया गया। 

हमले की सूचना पर पहुंची भीड़,  लगा दी आग 

कांग्रेस नेता मदन पर हमले की सूचना पर मदन के गांव कदमा से बड़ी संख्या में कांके चौक पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच कुछ लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता आशीष के टिंबर में आग लगा दी। आग तेजी से फैली और पास में आशीष के घर को भी चपेट में ले लिया। आशीष का परिवार इस आगजनी में बाल-बाल बचा। सूचना के बाद दमकल की गाड़ी वहां पहुंची और आग पर जब तक काबू पाया तब तक घर पूरी तरह जल चुका था। आग बढ़ती देख मौके पर आठ दमकल की गाडिय़ां पहुंचीं लेकिन लकडिय़ों में पूरी रात आग धधकती रही। 

हावी रही भीड़, पुलिस बैकफुट पर 

इस बवाल के दौरान कांके थाने की पुलिस पर भीड़ हावी रही। मदन महतो से मारपीट के बाद भीड़ उग्र होती गई और पुलिस के सामने ही घर व टिंबर में आग लगा दी गई। इसके बाद सैकड़ों की भीड़ ने थाना का घेराव कर दिया। लोग थाने का घेराव कर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। कुछ देर के बाद कांके चौक पर महिलाएं भी सड़क पर बैठ गईं। इससे घंटो सड़क जाम रही। पुलिस  ने काफी देर तक लोगों को समझाया-बुझाया, लेकिन लोग नहीं माने। भीड़ को बेकाबू देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद रात के 10 बजे पूरी तरह भीड़ हटी। बाद में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया। 

विवाद का कारण कांके चौक का नामकरण है। दोनों पक्षों की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है। शुरुआत में पुलिस की संख्या कम रहने के कारण लोग उग्र हुए। बाद में पुलिस ने माहौल को नियंत्रित कर लिया। दोषी लोगों पर कार्रवाई होगी।- नीरज कुमार, डीएसपी मुख्यालय वन। 

यह भी पढ़ें-CM Hemant Soren के आवास पर महागठबंधन के विधायकों की संयुक्त बैठक आज