विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाल्मिकी छात्रवृत्ति योजना में बड़ा बदलाव: अब पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन, दिव्यांग प्रमाणपत्रों का सत्यापन करेंगे सहायक निदेशक

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:00 AM (IST)

झारखंड सरकार ने अनाथ और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अब आवेदन से लेकर स्वीकृति तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।

नई व्यवस्था के अंतर्गत आवेदन के विभिन्न स्तरों पर सत्यापन व स्वीकृति से लेकर शिकायत और निगरानी तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी।

नई व्यवस्था के अंतर्गत आवेदन के विभिन्न स्तरों पर सत्यापन व स्वीकृति से लेकर शिकायत और निगरानी तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी।

HighLights

  1. वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना की पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन होगी।

  2. दिव्यांगता प्रमाणपत्रों का सत्यापन सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा करेंगे।

  3. विद्यार्थियों को 10 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति और मासिक सहायता।

राज्‍य ब्‍यूरो, रांची। राज्य सरकार ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले अनाथ और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संचालित वाल्मिकी छात्रवृत्ति योजना में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। 
 
नई व्यवस्था के अंतर्गत आवेदन के विभिन्न स्तरों पर सत्यापन व स्वीकृति से लेकर शिकायत और निगरानी तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी। 
 
इस प्रक्रिया के संचालन के लिए पोर्टल विकसित करने की जिम्मेदारी झारखंड स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (जेसेक) को सौंपी गई है तथा सभी चरणों की प्रक्रियाएं भी निर्धारित कर दी गई हैं।
 

ऑनलाइन सत्यापन और स्वीकृति की नई व्यवस्था 

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा जारी संकल्प के मुताबिक, योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी को सबसे पहले उस शिक्षण संस्थान में आवेदन करना होगा, जहां वह अध्ययनरत है। 
 
संबंधित संस्थान विद्यार्थी के दस्तावेजों और बैंक खाते आदि की जांच करने के बाद निर्धारित प्रपत्र के साथ आवेदन को पोर्टल पर अपलोड करेगा। 
 
इसके पश्चात अनाथ होने की पुष्टि बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और दिव्यांग होने की पुष्टि सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा के स्तर से की जाएगी। 
 
अंत में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आवेदन को स्वीकृत कर उसे ऑनलाइन माध्यम से झारखंड राज्य उच्च शिक्षा परिषद को भेजेंगे।
 

सत्यापन के नियम व निगरानी समिति में फेरबदल 

योजना में किए गए संशोधन के तहत दिव्यांगता प्रमाणपत्र और यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) का सत्यापन अब सिविल सर्जन के बजाय सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा के सहयोग से जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा। 
 
चूंकि यह प्रमाणपत्र सिविल सर्जन के माध्यम से जारी होता है, इसलिए इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसके अलावा योजना की निगरानी के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता वाली कमेटी में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को उपाध्यक्ष बनाया गया है। 
 
साथ ही संबंधित जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को भी समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
 

10 लाख रुपये तक छात्रवृत्ति व मासिक सहायता 

इस योजना के तहत अनाथ और दिव्यांग विद्यार्थियों को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष अधिकतम 10 लाख रुपये तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। 
 
इसके अतिरिक्त दैनिक उपयोग और अध्ययन सामग्री की आवश्यकता को देखते हुए हर महीने चार हजार रुपये की वित्तीय सहायता भी दी जाएगी। लाभार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे उनके खाते में भेजी जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।