आंगनबाड़ी केंद्रों में 50 सेविका -52 सहायिका की वैकेंसी, 4 फरवरी से चयन
Jharkhand ICDS. रांची में चार फरवरी से 27 फरवरी तक सभी 92 आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवकिा-सहायिका की चयन प्रक्रिया चलेगी।
रांची, जासं। रांची जिला के 92 आंगनबाड़ी केंद्रों में 50 सेविका और 52 सहायिकाओं का रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक चयन समिति का गठन किया गया है। इस समिति में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को शामिल किया गया है। आमसभा के माध्यम से सेविका और सहायिकाओं का चयन निर्धारित तिथि में होगी। जिले के विभिन्न प्रखंडों में मौजूद आंगनबाड़ी केंद्रों से यह चयन होना है।
4 फरवरी से 27 फरवरी तक चयन की प्रक्रिया चलेगी। पहले चरण में कांके प्रखंड से इसकी शुरुआत होगी, जहां सहायिका पद के लिए चयन किया जाएगा। कांके में पतरातू, फुटकल टोली आदिवासी, बालू और मेदी आंगनबाड़ी केंद्र के लिए सहायिका का चयन किया जाएगा। जबकि दूसरे चरण में रातू, मांडर, लापुंग, बुढ़मू, बेड़ो, बेड़ो इटकी, नामकुम, तमाड़ रांची सदर, चान्हो, बुंडू और फिर अनगड़ा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सेविका और सहायिका का चयन होगा।
चयन प्रक्रिया के तहत निर्धारित आमसभा में सेविका और सहायिका पद के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों के पोषक क्षेत्र की इच्छुक महिला जो स्व अभिप्रमाणित प्रमाणित छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज की फोटोग्राफ के साथ संबंधित स्थल पर उपस्थित रहेंगी। आवेदक की उम्र सीमा 18 वर्ष से कम एवं 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। अन्यथा उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
चयन को लेकर समय का निर्धारण किया गया है। अधिकतर आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 11 बजे और कुछ आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए 2 बजे का वक्त रखा गया है, जहां बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और कुछ जगहों पर संबंधित क्षेत्र के अंचल पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका और सहायिकाओं का चयन होने से केंद्रों का संचालन सुचारू रूप से हो सकेगा। साथ ही केंद्रों में सरकारी योजनाओं का लाभुकों को मिल सकेगा।
आम सभा से चयन : 'कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका और सहायिकाओं का पद रिक्त है, इसे देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में उनको बहाल किया जा रहा है। आमसभा के माध्यम से निर्धारित तिथि और समय पर उनका चयन हो सकेगा।राय महिमापत रे, उपायुक्त, रांची