अब घर बैठे पाएं प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन की सेवाएं; डाउनलोड करें यह ऐप Ranchi News
KARTA Service Provider App. रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वार शुरू किए गए इस एप को दो दिनों में ढाई हजार परिवारों ने डाउनलोड किया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा शुरू किए गए कर्ता एप को राजधानी रांची के लोगों का जबर्दस्त रिस्पांस मिल रहा है। पहले दिन जहां शहर के डेढ़ हजार लोगों ने एप डाउनलोड किया। वहीं दूसरे दिन ढाई हजार परिवारों ने गूगल प्ले स्टोर से इस एप को डाउनलोड किया। कारपोरेशन के पदाधिकारियों के अनुसार, लोगों ने इसकी सेवाएं भी लेनी शुरू कर दी हैं।
इस एप से शहरी नागरिक घर की जरूरतों के मुताबिक प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, ड्राइवर, गार्ड, कार मैकेनिक आदि की सेवाएं घर बैठे चंद मिनटों में बुलाकर ले सकते हैं। इसके लिए गूगल प्ले स्टोर में जाकर इस एप को डाउनलोड कर खुद को रजिस्टर करना पड़ता है। यह एप कर्ता डॉट ओआरजी डॉट इन पर भी उपलब्ध है। इस एप के माध्यम से अपना आर्डर प्लेस कर संबंधित कार्य से जुड़े विशेषज्ञ को बुलाया जा सकता है।
काॅरपोरेशन ने नगरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए कर्ता कॉल सेंटर भी स्थापित किया है जहां 0651-2446666 पर संपर्क कर जानकारी हासिल की जा सकती है। यह कॉल सेंटर सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक खुला रहेगा। बता दें कि एक अक्टूबर को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस सेवा का शुभारंभ किया था। इस एप से जुडऩेवाले सभी विशेषज्ञ सेवा प्रदाताओं का पुलिस व कुशलता का सत्यापन कराया गया है।