यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UPSC Exam 2022: यूपीएससी की सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा 16 से, रांची के केंद्र पर निषेधाज्ञा लागू
UPSC Exam 2022 संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली द्वारा आयोजित सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा-2022 16 सितंबर से शुरू होगी। ...और पढ़ें

रांची, जासं। UPSC Exam 2022 संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा आयोजित सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा-2022 16 सितंबर से शुरू होगी। परीक्षा 16 सितंबर से 18 सितंबर एवं 24 सितंबर से 25 सितंबर तक होगी। प्रथम पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं द्वितीय पाली दोपहर दो बजे से संध्या पांच बजे अपराह्न तक होगी।
रांची के निर्मला कॉलेज, डोरंडा में आयोजित होगी परीक्षा, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति
झारखंड की राजधानी रांची में परीक्षा केन्द्र निर्मला कॉलेज, डोरंडा (सब सेन्टर ए एवं बी) में आयोजित होगी। परीक्षा केन्द्र पर कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा का आयोजन कराने एवं विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी
परीक्षा में विधि-व्यवस्था भंग न हो इसके लिए अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर ने धारा 144 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी की गयी है। इस दौरान पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों का एक जगह जमा होना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों तथा सरकारी कार्यक्रम एवं शवयात्रा को छोड़कर) वर्जित है।
सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे तक निषेधाज्ञा
परीक्षा केंद्र के आसपास किसी प्रकार का ध्वनि विस्तारक यंत्र का व्यवहार नहीं करना है। निषेधाज्ञा 16 सितंबर से 18 सितंबर तक एवं 24 सितंबर से 25 सितंबर तक प्रातः 6 बजे से अपराह्न 8 बजे तक प्रभावी रहेगा।
