निराले मंत्री, सत्यानंद भोक्ता ऊंट पर सवार हो निकले क्षेत्र भ्रमण करने
हेमंत सरकार के श्रम नियोजन व प्रशिक्षण सह कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोक्ता की बात ही निराली है। मंत्री अपने निर्वाचन क्षेत्र चतरा विधानसभा का भ्रमण पर जब भी आते हैं तो कुछ न कुछ अलग करके जाते हैं। इस बार ऊंट की सवारी कर ली।
चतरा(जागरण संवाददाता)। हेमंत सरकार के श्रम, नियोजन व प्रशिक्षण सह कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोक्ता की बात ही निराली है। मंत्री अपने निर्वाचन क्षेत्र चतरा विधानसभा का भ्रमण पर जब भी आते हैं तो कुछ न कुछ अलग करके जाते हैं। कभी अपने आवास से रिक्शा पर बैठकर सर्किट हाउस जाते हैं, कभी साइकिल और कभी मोटरसाइकिल से क्षेत्र भ्रमण पर निकल जाते हैं।
कभी खेतों में हल-बैल चलाने लगते हैं, तो कभी धान का रोपा रोपने लगते हैं। यही कारण है कि वह हमेशा चर्चा में बने रहते हैं। इस बार मंत्री चार दिवसीय दौरे पर हैं। मंगलवार को विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत के लिए हंटरगंज जा रहे थे। रास्ते में जोरी गांव के पास दो लोग ऊंट लेकर जा रहे थे। फिर क्या था, उनकी इच्छा हुई ऊंट की सवारी करने की। ऊंट के मालिकों को रोका और अपनी इच्छा जताई। करीब आधा घंटा तक कौशल विकास मंत्री ने ऊंट की सवारी की। उसके बाद ऊंट के मालिकों को एक-एक हजार रुपये बख्शीश दिए। उनके इस निरालेपन की चर्चा खूब हो रही है।