विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Politics: शिवराज और हिमंत ने बैठक में दिए चुनाव जीतने के टिप्स, बंद कमरे में बताया बहुत कुछ

Published: Sun, 23 Jun 2024 11:27 PM (IST)

रविवार को प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने भाजपा ...और पढ़ें

शिवराज और हिमंत ने रांची में की बैठक
शिवराज और हिमंत ने रांची में की बैठक

HighLights

  1. भाजपा के सभी सांसद, विधायक, कोर ग्रुप सदस्य, लोकसभा में हारे हुए प्रत्याशी, सभी मोर्चा प्रकोष्ठ के अधिकारियों संग की बैठक
  2. दौरे पर रहने की वजह से बैठक में अर्जुन मुंडा रहे अनुपस्थित, सीता सोरेन और गीता कोड़ा हुईं शामिल
  3. झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार की नाकामी और नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने की सलाह

राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और सह प्रभारी हिमंता बिस्व सरमा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को मनोबल ऊंचा रखने और बूथ स्तर तक आम लोगों से संपर्क बनाए रखने की सलाह दी है।

रविवार को प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने दो दौर की बैठक की। पहले चरण में पार्टी के सभी सांसद, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और उनकी टीम, लोकसभा चुनाव में हारे हुए प्रत्याशी, सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शामिल हुए।

बैठक में क्या हुआ?

इस बैठक में लोकसभा चुनाव परिणाम की समीक्षा हुई। दोनों चुनाव प्रभारी ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व लोकसभा में झारखंड के प्रदर्शन से संतुष्ट है। अब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना है।

बैठक में दुमका से भाजपा प्रत्याशी रहीं सीता सोरेन और चाईबासा से प्रत्याशी रहीं गीता कोड़ा भी उपस्थित थीं। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा उत्तरांचल दौरे पर रहने के कारण बैठक में नहीं थे। उन्होंने पार्टी को इसकी सूचना दे दी थी।

हार के कारणों पर नहीं होगी सार्वजनिक बयानबाजी

बैठक में लोकसभा चुनाव में पांच सीटों पर हारने के बाद हो रही बयानबाजी को तत्काल रोकने की बात कही गई। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ऐसा कोई काम नहीं करना है, जिससे विपक्ष को बोलने का मौका मिले। विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर तक जाकर लोगों से संपर्क करने की आवश्यकता है।

संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह ने चुनाव के लिए सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ को प्रदेश कमेटी से समन्वय बनाकर काम करने को कहा। हिमंता बिस्व सरमा ने असम विधानसभा चुनाव में जीत के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि अगर हम मतदाताओं तक अपने मुद्दे सही तरीके से पहुंचा दें तो आसानी से जीत मिलेगी।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमें लोगों को झामुमो गठबंधन सरकार की नाकामियों से भी परिचित कराना है। इसके साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे काम से जीत मिलने में आसानी होगी।

कोर ग्रुप की बैठक में हुई विधानसभा वार समीक्षा

शिवराज सिंह चौहान और हिमंता बिस्व सरमा ने दूसरे दौर में प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप के साथ बैठक की। इसमें प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, समीर उरांव, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेन्द्र त्रिपाठी, कर्मवीर सिंह समेत अन्य नेता शामिल हुए। इस बैठक में सभी 81 विधानसभा सीटों की समीक्षा हुई और वहां भाजपा की स्थिति पर विमर्श किया गया।

ये भी पढे़ं-

Champai Soren: 'केंद्र ने झारखंड के साथ की दगाबाजी', मोदी सरकार पर जमकर बरसे CM चंपई सोरेन

Jharkhand News: शिवराज और हिमंता की आज रांची में बैठक, BJP नेताओं के साथ इस मुद्दे पर होगी चर्चा