विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली के समय घर में अकेली पाकर सगे चाचा ने नाबालिग भतीजी से किया दुष्कर्म, धमकी से डरा परिवार

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:33 PM (IST)

तुपुदाना में 58 वर्षीय चाचा ने अपनी 16 वर्षीय भतीजी के साथ दीपावली के समय दुष्कर्म किया और माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी। धमकी के डर से परिवार महीनों तक चुप रहा, लेकिन अब शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

माता-पिता को काटकर जंगल में फेंकने की दी थी धमकी।

माता-पिता को काटकर जंगल में फेंकने की दी थी धमकी।

HighLights

  1. 58 वर्षीय चाचा पर 16 वर्षीय भतीजी से दुष्कर्म का आरोप।

  2. आरोपी ने माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी थी।

  3. पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी महाबीर को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, तुपुदाना(रांची)। तुपुदाना ओपी क्षेत्र के एक गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां 58 वर्षीय एक व्यक्ति पर अपनी नाबालिग भतीजी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। आरोप है कि दीपावली के समय घर में अकेली पाकर उसने 16 वर्षीय किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया।

इसके बाद किसी को बताने पर माता-पिता की हत्या कर शव जंगल में फेंक देने की धमकी दी। इसी डर के कारण पीड़िता और उसका परिवार लंबे समय तक चुप रहा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता आठवीं कक्षा की छात्रा है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है; उसकी मां मजदूरी करती हैं, जबकि वृद्ध पिता खेती-बाड़ी और मवेशियों की देखभाल कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

परिजनों और रिश्तेदारों के मुताबिक, दीपावली के दौरान जब किशोरी घर में अकेली थी, तभी पड़ोस में रहने वाले उसके सगे चाचा ने कथित तौर पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपित ने उसे किसी को कुछ न बताने की चेतावनी दी और जान से मारने की धमकी दी।

धमकी के डर से लंबे समय तक खामोश रहा परिवार

आरोप है कि पहली घटना के बाद भी आरोपित की हरकतें नहीं थमीं और वह लगातार नाबालिग के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म करता रहा। माता-पिता को नुकसान पहुंचाने की धमकी मिलने के कारण पीड़िता काफी डरी हुई थी। वहीं, परिवार की कमजोर आर्थिक और सामाजिक स्थिति के चलते परिजन भी किसी तरह की कार्रवाई करने से हिचकिचा रहे थे।

आखिरकार पीड़िता और उसके परिजनों ने हिम्मत जुटाकर रिश्तेदारों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। रविवार को परिवार के सदस्य और रिश्तेदार पीड़िता को लेकर तुपुदाना ओपी पहुंचे और लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

मेडिकल जांच के लिए भेजा गया, सोमवार को होगी कोर्ट में पेशी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपित से पूछताछ की गई है। वहीं, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

आरोपित को सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में आक्रोश व्याप्त है और ग्रामीणों ने आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

(नोट: नाबालिग पीड़िता और परिवार की पहचान व गरिमा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विवरण में बदलाव किए गए हैं।)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।