दीपावली-छठ और आगामी विधानसभा चुनाव बने वजह, टल सकता है राहुल गांधी का झारखंड दौरा
राहुल गांधी के झारखंड दौरे को लेकर संशय बरकरार है, पार्टी की ओर से कोई तिथि पुष्टि नहीं की जा रही है।

राहुल गांधी। (फाइल फोटो)
HighLights
राहुल गांधी के झारखंड दौरे पर संशय बरकरार है।
निजी कारणों से राहुल गांधी विदेश दौरे पर हैं।
दीपावली, छठ और चुनावों के कारण दौरा टल सकता है।
राज्य ब्यूरो, रांची। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के झारखंड दौरे को लेकर संशय के बादल मंडराते दिख रहे हैं। पार्टी की ओर से कोई भी उनके झारखंड दौरे को लेकर तिथि की पुष्टि नहीं कर रहा है।
इसका एकमात्र कारण राहुल गांधी के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के.राजू भी निजी कारणों से अलग-अलग देशों के दौरे पर हैं।
राजू ने ही प्रदेश अध्यक्ष को 18 सितंबर को पत्र लिखकर कहा था कि राहुल गांधी झारखंड में पेसा कानून लागू होने के बाद इससे प्रभावित जिलों के ग्राम प्रधानों से संवाद करेंगे। इसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष को तैयारी करने के निर्देश दिए गए थे।
प्रभारी का पत्र मिलने के बाद प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राहुल गांधी के नवंबर माह के पहले सप्ताह में झारखंड पहुंचने की जानकारी दी थी।
उन्होंने कहा था कि इस दौरान वे ग्राम प्रधानों से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर खूंटी में बैठक आयोजित करने की बातें भी हुई थी लेकिन अभी तक कहीं कोई तैयारी नहीं है।
अधिकृत तौर पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से अभी तक ऐसे किसी कार्यक्रम की पुष्टि नहीं की गई है। सीनियर नेताओं के अनुसार राहुल गांधी के कार्यक्रम से कम से कम पंद्रह दिन पहले प्रदेश नेतृत्व को जानकारी दे दी जाती है।
राहुल गांधी का झारखंड आना संभव नहीं
यह जानकारी भी नहीं आई है। सीनियर नेताओं ने अनौपचारिक तौर पर बताया कि दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के बीच राहुल गांधी का झारखंड आना संभव नहीं लग रहा है।
लोग यह भी बता रहे हैं कि 2027 की शुरुआत में देश के पांच राज्यों में चुनाव होने की संभावना है और इन चुनावों को छोड़कर शायद ही राहुल गांधी किसी अन्य कार्यक्रम के लिए समय में शायद ही समय देंगे। उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
