'विदेशी टूलकिट के इशारे पर काम कर रहे राहुल गांधी', रांची में नितिन नवीन का बड़ा हमला, हेमंत सरकार को भी घेरा
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर विदेशी टूलकिट के इशारे पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
-1792854763552_m.webp)
रांची में झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन। (सोशल मीडिया)
HighLights
राहुल गांधी पर विदेशी टूलकिट के इशारे पर काम करने का आरोप।
कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का लगाया आरोप।
झारखंड में 2029 तक भाजपा सरकार बनाने का लक्ष्य निर्धारित।
राज्य ब्यूरो, रांची। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेशी टूल किट गैंग के इशारे पर काम करते हुए देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
शनिवार को रांची में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का रहा है।
नवीन ने कहा कि लोकसभा में राहुल गांधी ने बिहार चुनाव में वोट चोरी का मुद्दा उठाया, जिसे जनता ने नकार दिया। अब एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाकर कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रही है।
उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है। वैश्विक अस्थिरता के दौर में भी प्रधानमंत्री ने देश की विकास दर ऊंची रखी है। भाजपा के कार्यकर्ता पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा लहराएंगे।
झारखंड में 2029 में सरकार बनाने का लक्ष्य
भाजपा के प्रदेश नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए नवीन ने कहा कि बिहार से ओडिशा और बंगाल तक के रास्ते में केवल झारखंड ऐसा राज्य है, जहां भाजपा का शासन नहीं है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 और 2024 के चुनावों में उन्होंने यहां भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर काम किया है। उन्होंने मंडल से प्रदेश स्तर तक जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने और लोगों से संवाद के जरिए जुड़ने का आह्वान किया। उनके मुताबिक, 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनने से बिहार से बंगाल तक का सर्किट पूरा होगा।
छात्रों के आंदोलन में सड़क से न्यायालय तक साथ
नियुक्ति घोटाले के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन पर नवीन ने कहा कि झारखंड की कांग्रेस गठबंधन सरकार ने नौकरी बेचने का काम किया है।
उन्होंने छात्रों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए प्रदेश भाजपा की सराहना की और कहा कि पार्टी उनकी मांगों के साथ सड़क से लेकर न्यायालय तक खड़ी रहेगी।
भाजपा ने बनाया अलग राज्य, वही ले जाएगी आगे
जनजातीय समाज के हितों पर जोर देते हुए नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की।
झारखंड की आदिवासी परंपरा का सम्मान भाजपा ही कर सकती है। झारखंड का गठन भाजपा के नेतृत्व में हुआ और पार्टी ही राज्य को आगे बढ़ाएगी।
यह भी पढ़ें- झारखंड भाजपा में जनाधार विस्तार: पुराने नेताओं की वापसी और नए चेहरों का प्रवेश, कई दलों में सेंध
