लोहरदगा बवाल मामले में पांच घायलों में दो की स्थिति गंभीर
रांची जासं लोहरदगा में हुए बवाल में घायल चार लोगों का इलाज रिम्स में चल रहा है। वहीं शि
रांची, जासं : लोहरदगा में हुए बवाल में घायल चार लोगों का इलाज रिम्स में चल रहा है। वहीं शनिवार को ऑर्किड में भर्ती लोहरदगा के अपर बाजार निवासी नीरज राम प्रजापति को ब्रेन हेमरेज व स्थिति गंभीर बताकर रिम्स रेफर किया गया है। गुरुवार को भर्ती हुए तीन मरीजों में दो सुजीत उरांव (12) व लाल लव किशोर (24) का इलाज नए ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
वहीं एक अन्य मरीज दीपक सर्राफ (45) का इलाज ऑर्थोपेडिक विभाग में चल रहा है। जबकि शुक्रवार को रविंद्र मिश्रा (40) को न्यूरोसर्जरी विभाग में डॉ. अनिल कुमार की यूनिट में भर्ती किया गया है। ट्रॉमा सेंटर के एचओडी डॉ. प्रदीप भट्टाचार्य ने बताया कि बवाल के दौरान सुजीत व लाल लव किशोर को किसी ने सिर पर वार किया था। इसमें सुजीत की पीछे की खोपड़ी खुल गई थी। वहीं दूसरे के सिर में तीन-चार जगह गहरी चोट आई थी। डॉ. प्रदीप के अनुसार दोनों की स्थिति शनिवार को पहले से बेहतर है। हालांकि अब भी दोनों को गहन चिकित्सा में रखा गया है।
इधर, शुक्रवार को भर्ती हुए मरीज के सिर में गहरी चोट है। सिर में चोट के कारण उनका ब्लड क्लॉट कर गया है। शनिवार को हुए सीटी स्कैन रिपोर्ट के अनुसार स्थिति नॉर्मल है।
सुजीत को शनिवार को आया होश : डॉ. प्रदीप भट्टाचार्य ने बताया कि सुजीत को गुरुवार को भर्ती किया गया था। जिसके बाद दो दिन बाद शनिवार को उसे होश आया। उन्होंने बताया कि रविवार को सीटी स्कैन कराकर स्थिति देखा जाएगा। थोड़ा सामान्य होने पर उसे न्यूरोसर्जरी वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा। वहीं जरूरत पड़ने पर उसका ऑपरेशन भी किया जा सकता है। वहीं ऑर्किड से रेफरल मरीज नीरज को भी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। डॉक्टर ने बताया कि सीटी स्कैन के बाद ही वर्तमान स्थिति का पता लगाया जा सकता है। जिस स्थिति में उसे लाया गया है उसकी स्थिति काफी गंभीर है।