जमीन विवाद में दो गुटों के बीच मारपीट, चार घायल, ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय घेरा
बुढमू (रांची) बुढमू में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में भिड़ंत हो गई। मारपीट में चार लोगों के घायल होने की सूचना है।
जागरण संवाददाता, बुढमू (रांची): राची में जमीन विवाद का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। अक्सर यह खूनी संघर्ष का कारण बनता जा रहा है। सोमवार की सुबह बुढमू में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में भिड़ंत हो गई। मारपीट में चार लोगों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार बुढमू शिव मंदिर की जमीन पर बुढमू निवासी ज्ञान साहु अपनी दावेदारी करते आ रहे हैं। वहीं ग्रामीणों द्वारा इस जमीन को मंदिर की संपत्ति बताया जाता रहा है। सोमवार की सुबह विवादित जमीन पर ज्ञान साहु व ध्यान साहु साथ मिलकर घेराबंदी कर रहे थे। इसकी भनक ग्रामीणों को लगी। इसके बाद सब मौके पर गोलबंद होने लगे। थोड़ी देर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते जमकर मारपीट शुरू हो गई। इसमें पनु साहु, कुंदन साहु, ध्यान साहु व ज्ञान साहु गंभीर रुप से धायल हो गए। ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, अंचल कार्यालय घेरा
विवाद के बाद ग्रामीणों का गुस्सा प्रशासन के खिलाफ फूट पड़ा। ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय को घेर लिया। पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। हालात को नियंत्रित करने के लिए बड़े पैमाने पर अंचल कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता जारी है। वहीं मारपीट में घायल लोगों को प्राथमिक इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया है। बताया जा रहा है कि यह विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। लगातार प्रशासन को इस बारे में संबंधित पक्षों की ओर से अवगत कराया जा रहा था। इसके बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में पहल नहीं की गई।