Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand: झारखंड के गढ़वा में कुएं में डूबने से दो बच्चियों की मौत

झारखंड के गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र अन्तर्गत हारादाग खुर्द गांव में दो बच्चियों की मौत कुआं में डूबने से मंगलवार की सुबह हो गई। मृतकों में राजेन्द्र सिंह की 10 वर्षीय पुत्री सती कुमारी तथा रोअन सिंह की आठ वर्षीय पुत्री संजू कुमारी का नाम शामिल है।

By Vikram GiriEdited By: Updated: Wed, 30 Jun 2021 12:05 PM (IST)
Hero Image
झारखंड के गढ़वा में कुएं में डूबने से दो बच्चियों की मौत। जागरण

रमना (गढ़वा), संसू। झारखंड के गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र अन्तर्गत हारादाग खुर्द गांव में दो बच्चियों की मौत कुआं में डूबने से मंगलवार की सुबह हो गई। मृतकों में राजेन्द्र सिंह की 10 वर्षीय पुत्री सती कुमारी तथा रोअन सिंह की आठ वर्षीय पुत्री संजू कुमारी का नाम शामिल है। जानकारी के अनुसार सती कुमारी डंडई थाना क्षेत्र के बालेखाड़ गांव की रहने वाली थी। वह कुछ दिन पहले हारादाग खुर्द गांव निवासी अपने नाना सोमारू सिंह के घर आयी हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां मंगलवार की सुबह लगभग आठ बजे बकरी चराने गांव से कुछ दूर पर स्थित नौखिलवा दामर गयी हुई थी। कुछ देर बाद दोनों पानी से लबालब भरे कुआं में स्नान करने के लिए उतरी थी।

इसी दौरान दम घुटने से दोनों की मौत हो गयी। खेत में धान का बिचड़ा करने गये कुछ ग्रामीणों की नजर जब कुआं के फर्श पर रखी बच्चियों के कपड़े पर पड़ी तो उनलोगों ने अन्य ग्रामीणों को भी इसकी सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने झगड़ डालकर कुआं की तलाशी लेना शुरू किया। इसी दौरान दोनों बच्चियों का शव बाहर आ गया। घटना की सूचना पाकर पहुंची रमना थाना पुलिस ने परिजनों और प्रबुद्ध ग्रामीणों के आग्रह पर पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। इधर घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है। परिजनों के चीत्कार से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है। उप प्रमुख रविंद्र चौधरी ने मृतक बच्चियों के घर जाकर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।