रांची के तमाड़ में आपस में भिड़े दो हाथी, एक की मौत
Two Elephants Fight each other one died in Ranchi. तमाड़ के झटगांव के समीप के जंगल में वर्चस्व को लेकर दोनों हाथियों में हुई भिड़ंत के दौरान एक हाथी की मौत हो गई।
रांची, जेएनएन। तमाड़ वन क्षेत्र कुंदला पंचायत के झटगांव के समीप जंगल में एक जंगली हाथी की मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात की है। घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ वन क्षेत्र पदाधिकारी अमरनाथ भगत दल-बल घटनास्थल पर पहुुंचे। मृत हाथी को भी देखने के लिए सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे थे। घटना के संबंध में वन क्षेत्र पदाधिकारी अमरनाथ भगत ने बताया कि चार जंगली हाथियों का झुंड इस क्षेत्र के जंगलों में सप्ताह भर से जमा था।
अपने वर्चस्व को लेकर दो हाथियों में भिड़ंत होने के कारण एक हाथी को जान गंवानी पड़ी। वहीं, तमाड़ भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी चुमनू तिर्की ने मृत हाथी का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम से पता चला कि हाथी की मौत अंदरूनी चोट से हुई है। हाथी की पसली एवं सिर पर खून जमा था, जिससे उसकी मौत हुई।
हाथी का बिसरा जांच के लिए भेजा जा रहा है, जिससे मौत के कारण की पूरी तरह से पुष्टि हो सकेगी। घटनास्थल पर वन प्रमंडल पदाधिकारी खूंटी निरंजन प्रसाद देव, क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक एपी मिश्रा समेत वन पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। हाथी के शव को पोस्टमार्टम के बाद जेसीबी से गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।