Top Ranchi News of the Day, 30th March 2020, घर से सुनी फरियाद, पुलिस जवान में कोरोना, 24 मौलवी पकड़े गए, पुलिस की जिंदगी दांव पर, सबसे अच्छा समय
Top Ranchi News of the Day 30th March 2020. पढ़ें सोमवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 30th March 2020 - सोमवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। हाई कोर्ट के जज ने घर से एक मामले की सुनवाई की। नेपाल से लौटे एक पुलिस जवान में कोरोना के लक्षण पाए जाने पर रिम्स में भर्ती कराया गया है। रांची में ब्रिटिश नागरिक सहित 24 मौलवी पकड़े गए हैं। लॉकडाउन में पुलिस कोरोना से बचाव को एहतियात नहीं बरत रही है। लॉकडाउन के समय में खुद की नॉलेज डेवलेप करें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची में जज साहब ने घर से सुनी फरियाद
झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस आर मुखोपाध्याय ने सोमवार को जमानत के एक मामले में अपने घर से सुनवाई की और प्रार्थी को जमानत प्रदान कर दी। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए झारखंड हाई कोर्ट का कोर्ट वर्क सस्पेंड कर दिया गया है। लेकिन अति महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए की जा रही है। सोमवार को जेपीएससी के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति घोटाले में प्रार्थी शिल्पी बख्शी की ओर से जमानत याचिका दाखिल की गई थी। लगभग 10 मिनट चली बहस के बाद अदालत ने शिल्पी बख्शी को जमानत की सुविधा प्रदान करने का आदेश दिया।
नेपाल से रांची आए पुलिस वाले में मिले कोरोना के लक्षण
झारखंड पुलिस मुख्यालय में नेपाल से आया एक जवान बीमार हो गया है। उसे कोरोना वायरस का संदिग्ध मानते हुए रिम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसके बैरक में रह रहे 15 जवानों को एहतियात के तौर पर क्वारेंटाइन पर रखा गया है। बीमार जवान काउंटर इंसर्जेंसी एंड एंटी टेररिस्ट स्कूल (सीआइएटीएस) का जवान है। वह छुट्टी समाप्त करने के बाद नेपाल से 18 मार्च को रांची आया था और पुलिस मुख्यालय में योगदान दिया था।
रांची में पकड़े गए 24 विदेशी मौलवी, पुलिस ने सबको हिरासत में लिया
राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में 18 विदेशी मौलवियों के रहने की जानकारी पर पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर क्वारंटाइन किया है। सभी ब्रिटिश नागरिक बताया जा रहे हैं। सभी विदेशी बड़ी मस्जिद में रुके थे। उनके साथ 2 दिल्ली, 1 हैदराबाद और 2 रांची के युवकों को भी खेलगांव स्थित आइसोलेशन सेंटर में शिफ्ट किया गया है। रांची के डीसी के निर्देश पर एसडीओ और हिंदपीढ़ी थाने की पुलिस मेडिकल टीम के साथ पहुंची और सभी विदेशियों को क्वारंटाइन किया गया। फिलहाल सभी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उनके पासपोर्ट और वीजा की भी गहन जांच चल रही है।
कोरोना वायरस क्या पुलिस काे नहीं छू सकती
कोरोना वायरस के खतरे की आशंका पर पूरे देश में लॉकडाउन है। अगर सड़क पर हर अनजान, बाहरी आगंतुकों से किसी का पाला पड़ रहा है तो वह पुलिस है। विधि-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस को उससे भी निपटना है और उसका इलाज कराने से लेकर खाना खिलाने तक की जिम्मेदारी संभालना है। ऐसी स्थिति में इस वायरस से बचाव का सबसे बड़ा उपाय शारीरिक दूरी को बनाए रखने की है, जिसका पालन अब तक पुलिस भी नहीं कर रही थी। सोमवार की सुबह मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को यह आदेश दिया कि पुलिस की चार पहिया गश्ती गाड़ी में चार पुलिसकर्मी-पदाधिकारी रहेंगे, जो उचित दूरी बनाकर बैठेंगे।
लॉकडाउन के समय में खुद की नॉलेज को डेवलेप करें
लॉकडाउन में सभी अपने-अपने तरीके से वक्त गुजार रहे हैं। कोई घर से ही आफिस का काम निपटा रहे हैं तो कोई कूकिंग के शौक को पूरा करते हुए विभिन्न तरह के डिश बना रहे हैं। कई लोग टीवी पर समाचार से लेकर मनोरंजक चीजें देख-सुन रहे हैं। अपने परिवार को भी समय दे पा रहे हैं। घरों की साफ-सफाई भी करने का मौका मिल गया है। झारखंड टेक्निकल विवि के कुलपति डॉ. गोपाल पाठक के दिन की शुरुआत योग से होती है। डॉ. गोपाल पाठक कहते हैं कि इस समय को अवसर में बदलें। खुद के नॉलेज को डेवलेप करने का यह सबसे अच्छा समय है। शिक्षकों के लिए जर्नल, आर्टिकल लिखने का यह अवसर है।