Top Ranchi News of the Day, 19th March 2020, परदेसियों की नो एंट्री, ढुलू महतो ने मांगी जमानत, भूख से मौत पर हंगामा, दुष्कर्मी को आजीवन कारावास, 23 मार्च तक बारिश
Top Ranchi News of the Day 19th March 2020. पढ़ें गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 19th March 2020 - गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। कोरोना वायरस के डर से रामनवमी और सरहुल का जुलूस नहीं निकाला जाएगा। बाघमारा के विधायक ढुलू महतो ने हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत मांगी है। झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायकों ने भूख से मौत पर हंगामा किया। रांची की कोर्ट ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। झारखंड में 23 मार्च तक बारिश की संभावना है। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
परदेसियों की गांवों में नो एंट्री, रामनवमी और सरहुल पर कोरोना का साया
कोरोना वायरस की विभीषिका देश-दुनिया में तबाही मचा रही है। इस बीच झारखंड में चीन के 50 इंजीनियरों की मौजूदगी से दहशत का माहौल है। अडानी पावर प्लांट में कार्यरत 50 से अधिक चीनी इंजीनियरों के चलते इस महामारी के फैलने की चर्चा से लोग-बाग परेशान हैं। हालांकि इन इंजीनियरों की मंगलवार को गहन स्वास्थ्य जांच की गई है। किसी में कोरोना के लक्षण नहीं मिले। कोरोना का खौफ शहर से गांव तक में है। बुधवार की सुबह एक दंपती महाराष्ट्र से अपने मरकच्चो स्थित जमसोती गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने गांव में प्रवेश से ही रोक दिया। कुछ लोगों की आपत्ति के बाद पति-पत्नी को उसकी मां लेकर सीधे सदर अस्पताल पहुंची। कोरोना के कारण रामनवमी और सरहुल का जुलूस नहीं निकाला जाएगा।
बाघमारा विधायक ढूलू महतो ने यौन शोषण मामले में मांगी जमानत
मारपीट सहित कई मामलों में फरार चल रहे बाघमारा के भाजपा विधायक ढूलू महतो ने उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर अग्रिम जमानत की मांग की है। यौनशोषण के आरोपित बाघमारा विधायक ढुलू महतो ने गुरुवार को झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। इस याचिका में हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत की गुहार लगाई गई है। विधायक ढूलू महतो पर धनबाद की रहने वाली एक महिला ने यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।
झारखंड विधानसभा में भूख से मौत पर हंगामा
झारखंड विधानसभा का बजट सत्र की कार्यवाही गुरुवार को एक बार फिर शुरू होने के साथ ही हंगामे में डूब गया। यहां भूखल घासी की भूख से मौत को लेकर भाजपा विधायकों ने जांच की मांग करते हुए वेल में आकर प्रदर्शन किया। इससे पहले तख्तियां लेकर सदन के बाहर भी बीजेपी विधायकों ने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। विधायक सरयू राय ने नगर विकास विभाग के बजट पर चर्चा के दौरान पिछली सरकार में मनोनयन पर नियुक्त कई कंसल्टेंट के विरुद्ध जांच की मांग की। कहा कि कई अयोग्य कंपनियों का मनोनयन हुआ है। मंत्री चंपई सोरेन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पारा शिक्षकों के मामले में हेमंत सोरेन ने कहा कि प्रशासनिक सुधार आयोग पारा शिक्षकों के मामले में फैसला लेगा।
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को मिली आजीवन कारावास
रांची में पोक्सो की विशेष अदालत ने 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के अभियुक्त बासुदेव दत्ता को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही उस पर 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माना नहीं देने पर 2 वर्ष अधिक सजा काटनी होगी। गुरुवार को अभियुक्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया। मामला बुंडू के सोनाहातु थाना क्षेत्र का है। खाता खुलवाने बैंक गई नाबालिग का वासुदेव से परिचय हुआ। लगातार फोन पर बात करता रहा। एक दिन नाबालिग शौच के लिए निकली थी। उसी दौरान अभियुक्त वहां पहुंचा और नाबालिग को जबरन पुल के नीचे ले जाकर दुष्कर्म किया।
झारखंड में 23 मार्च तक होती रहेगी बारिश, वज्रपात की संभावना
झारखंड का मौसम एक बार फिर गुरुवार को बदल गया है। राजधानी रांची मेें तेज आंधी के साथ ही कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। हालांकि सुबह में धूप में हल्की गर्माहट के बीच दोपहर बाद बारिश के आसार जताए गए थे। मौसम विभाग के पूर्वानुमानों पर नजर डालें तो बारिश के साथ ही वज्रपात की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर आंधी और ओलावृष्टि का भी अनुमान लगाया गया है। राज्य के पूर्वी और दक्षिणी इलाके समेत समूचे झारखंड में झमाझम बारिश के प्रबल आसार हैं। मौसम पूर्वानुमान पर भरोसा करें तो 19 और 20 मार्च को प्रदेश के कई इलाकों में आंधी, 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।