Top Ranchi News of the Day, 12th March 2020, सदन में गूंजा बिजली संकट, नंगा नाच कर रही पुलिस, रास चुनाव में कांग्रेस नहीं, सुरेश चौहान की मुश्किलें बढ़ीं, जू में हाथी की मौत
Top Ranchi News of the Day 12th March 2020. पढ़ें गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 12th March 2020 - गुरुवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। झारखंड विधानसभा में गुरुवार को राज्य में बिजली संकट का मुद्दा उठा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि झारखंड सरकार के इशारे पर पुलिस नंगा नाच कर रही है। झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस अपना उम्मीदवार नहीं दे सकती है। सुदर्शन न्यूज के सुरेश चौहान के वीडियो मामले की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जांच के आदेश दिए हैं। बिरसा जू में गुरुवार को एक हाथी की मौत हो गई। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
विधानसभा में गूंजा बिजली संकट, नेता प्रतिपक्ष पर थमी रार
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन गुरुवार को सदन में समूचे झारखंड में बिजली की किल्लत को लेकर डीवीसी की बिजली कटौती का मामला गूंजा। विधायकों ने कहा कि वर्तमान में सिर्फ चार-पांच घंटे बिजली मिल रही है। इस बीच भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने सदन को भरोसा दिलाया कि नेता प्रतिपक्ष के मसले पर भाजप विधायक सदन की कार्यवाही बाधित नहीं करेंगे। इस दौरान स्पीकर रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को लेकर आसन गंभीर है। जल्द ही इस मामले में विधिक राय के बाद फैसला लेंगे। इधर सदन में बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष की मान्यता पर सदन में अब विरोध प्रदर्शन नहीं हो रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश बोले, सरकार के इशारे पर नंगा नाच कर रही पुलिस
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने हेमंत सोरेन सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि हेमंत सरकार के इशारे पर बाघमारा के विधायक ढुल्लू महतो को फंसाया और परेशान किया जा रहा है। पुलिस पदाधिकारी झारखंड सरकार की कठपुतली बनकर नंगा नाच कर रहे हैं। प्रकाश ने कहा कि पार्टी ऐसे पदाधिकारियों को चिन्हित कर रही है, जो सरकार के इशारे पर कानून को अपने हाथ में ले रहे हैं। प्रकाश ने कहा कि पुलिस पदाधिकारी यदि अपनी मर्यादा का उल्लंघन करना बंद नहीं करेंगे तो भाजपा उनके खिलाफ सड़क पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
राज्यसभा चुनाव में हारने के लिए दांव नहीं लगाएगी कांग्रेस
झारखंड में राज्यसभा चुनाव में हो सकता है कि कांग्रेस अपना उम्मीदवार ही घोषित न करे। इसके पीछे का कारण बताया जा रहा है कि कांग्रेस के पास आंकड़े नहीं हैं। लेकिन असली कारण हैं पूर्व सीएम रघुवर दास को भाजपा द्वारा उम्मीदवार नहीं बनाया जाना। कांग्रेस और झामुमो पूरी तरह से विश्वास कर रहे थे कि भाजपा रघुवर को उम्मीदवार बनाएगी। ऐसे में आजसू और कुछ बागी विधायकों का साथ लेकर कांग्रेस राज्यसभा में पहुंच जाएगी लेकिन आखिरी समय में भाजपा ने अपना रुख बदल लिया और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित कर दिया। अब कांग्रेस का कोई उम्मीदवार खड़ा भी हुआ तो हार को रोकना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन होगा।
मुख्यमंत्री हेमंत के निर्देश पर सुरेश चौहान के वीडियो की जांच शुरू
भड़काऊ बयान के मामले में सुदर्शन न्यूज के सुरेश चौहान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रांची के एक होटल में सुरेश चौहान के शपथ की वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने गुरुवार को जांच शुरू कर दी। कार्यक्रम के दौरान सुदर्शन न्यूज के सुरेश चौहान पर आरोप है कि उन्होंने धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। बहराहाल भड़काऊ बयान के इस बहुचर्चित मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर रांची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि सहित कई बड़े नेता शामिल थे।
रांची के बिरसा जू में सम्राट नाम के हाथी की मौत
रांची के ओरमांझी स्थित बिरसा जैविक उद्यान में गुरुवार को एक हाथी की मौत हो गई। एक दिन पूर्व तक सम्राट नाम का हाथी पूरी तरह स्वस्थ था। लेकिन दोपहर 1:30 बजे के करीब उसकी अचानक मौत हो गई। सुबह में उसे कुछ बेचैनी सी हुई। इसके बाद उद्यान के पशु चिकित्सक डॉ अजय कुमार पहुंचे। उन्होंने देखा तो हाथी बार-बार उठ-बैठ रहा था। इसके बाद गैस की संभावना देख दवा दिया गया। उस समय हाथी कुछ देर ठीक रहा। बाद में उसकी मौत हो गई। हाथी का पोस्टमार्टम कर मृत्यु के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हाथी को उद्यान में ही दफनाने की कार्यवाही की जा रही है।