Top Ranchi News of the Day, 10th May 2020, अवैध संबंध में हत्या, कोयले की तस्करी, वेल्लोर से पहुंची स्पेशल ट्रेन, धौनी का नया लुक, बढ़ेगी कोरोना की जांच
Top Ranchi News of the Day 10th May 2020. पढ़ें रविवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 10th May 2020 - रविवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। रांची में एक महिला ने अपने पति और बेटे की अवैध संबंध के शक में हत्या कर दी। पुलिस ने तस्करी किए जा रहे 8 टन कोयले को जब्त किया है। वेल्लोर से स्पेशल ट्रेन रविवार को सैकड़ों यात्रियों को लेकर हटिया पहुंची। लॉकडाउन में घर पर समय बीता रहे एमएस धौनी का नया लुक सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य में कोरोना की जांच में तेजी लाई जाएगी। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
अवैध संबंध के शक में महिला ने पति और बेटे को मार डाला
रांची में एक महिला ने जघन्य अपराध को अंजाम देते हुए अपने बेटे और पति की हत्या कर दी। पहले उसने बेटे को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। वहीं पति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल जाने के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी की है। बताया जा रहा है कि पत्नी को पति पर किसी और महिला के साथ अवैध संबंध होने का संदेह था। इसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना के बाद महिला फरार है।
लॉकडाउन में कोयले की तस्करी, पुलिस ने 8 टन कोयला लदा 4 बाइक जब्त किया
रांची के बुढ़मू में पुलिस ने अवैध रूप से तस्करी किए जा रहे 8 टन कोयले को जब्त किया है। मोटरसाइकिल से कोयला तस्करी की जा रही थी। कोयला लदे चार बाइक भी जब्त किए गए हैं। बुढ़मू के थाना प्रभारी सिधेश्वर महथा ने बताया कि रविवार की सुबह रात्रि गश्ती से लौटने के क्रम में चैन गड़ा खुटेर घाटी में कोयला लादकर आ रहे चार बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया। इस दौरान पुलिस को देख सभी तस्कर बाइक छोड़ फरार हो गए।
धौनी का नया लुक चर्चा में, सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल
महेंद्र सिंह धौनी इन दिनों फिर चर्चा में हैं। वे क्रिकेट के कारण नहीं, बल्कि अपने नए लुक के कारण सुर्खियां बटोर रहे हैं। लॉकडाउन में अपने घर रांची में समय बीता रहे माही ने इस बार नया लुक अपनाया है। और यह उनके फैंस को पसंद भी आ रहा है। क्रिकेट के मैदान के अलावा मैदान के बाहर भी हमेशा चर्चा में रहने वाले एमएस धौनी ने इस बार नया लुक अपनाया है। अपने क्रिकेट करियर के शुरुआती दौर में लंबे बालों में नजर आने वाले धौनी इन दिनों दाढ़ी में दिखाई दे रहे हैं। लॉकडाउन में शायद वे एक अलग ही शौक को पूरा कर रहे हैं। बता दें कि लॉकडाउन के कारण धौनी लंबे समय से घर पर ही हैं और परिवार के साथ समय बीता रहे हैं।
झारखंड में बढ़ेगी कोरोना वायरस के जांच की रफ्तार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि झारखंड में कोरोना की जांच बढ़ाई जाएगी। फिलहाल रोजाना 1500 लोगों की जांच की क्षमता है। झारखंड में अब तक 20 हजार से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं। कोरोना की जांच के लिए अभी रेड जोन और कंटेनमेंट जोन पर ज्यादा फोकस है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस स्थिति से घबराने की जरूरत नहीं है। एहतियात बरतना जरूरी है। रिम्स में शनिवार को कुल 368 सैंपलों की जांच की गई। इसमें सभी निगेटिव रहे।
वेल्लोर से स्पेशल ट्रेन पहुंची हटिया, सैकड़ों यात्री आए झारखंड
वेल्लोर से दूसरी स्पेशल ट्रेन रविवार को यात्रियों को लेकर हटिया स्टेशन पहुंची। ट्रेन में कुल 1200 यात्री थे। हटिया स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बसों की व्यवस्था की गई थी। सीएमसी वेल्लोर में इलाज कराने गए मरीजों के लिए स्टेशन पर व्हील चेयर की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। जिन्हें एंबुलेंस की जरूरत थी, उन्हें एंबुलेंस से पहुंचाया गया। स्टेशन से बाहर निकलने की क्रम में यात्रियों का थर्मल स्कैनर से बॉडी टेंपरेचर मापा गया।