होल्डिंग नंबर के लिए रिश्वत ले रहे थे नगर निगम के टैक्स कलेक्टर, एसीबी ने दबोचा
होल्डिंग नंबर आवंटन करने के एवज में मांगे थे 4500 रुपये
राज्य ब्यूरो, रांची : रांची नगर निगम के टैक्स कलेक्टर सुनील कुमार सिन्हा को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची की टीम ने मंगलवार को 4500 रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उसपर होल्डिंग नंबर आवंटित करने की एवज में चुटिया के हरिहर टोली निवासी सचिन कुमार से रिश्वत लेने का आरोप है। गिरफ्तार सुनील कुमार सिन्हा डोरंडा के कुम्हारटोली छप्पनसेट का रहनेवाला है। एसीबी की टीम ने उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
टैक्स कलेक्टर की गिरफ्तारी के साथ ही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो झारखंड का 69वां ट्रैप पूरा हो गया। वहीं, यह गिरफ्तारी एसीबी की रांची शाखा की चौथी गिरफ्तारी है।
जानकारी के अनुसार चुटिया निवासी सचिन कुमार ने अपने मकान के होल्डिंग नंबर को लेकर नगर निगम में आवेदन दिया था। यह वार्ड नंबर 14 में आता है। इसके सहायक पदाधिकारी सह टैक्स कलेक्टर सुनील कुमार सिन्हा हैं। सिन्हा ने सचिन से 4500 रुपये रिश्वत देने की मांग की। सचिन ने इसकी शिकायत एसीबी से की। इसके बाद एसीबी की टीम ने आरोपित सहायक पदाधिकारी सह टैक्स कलेक्टर सुनील कुमार सिन्हा को रंगे हाथ दबोचा। उनकी गिरफ्तारी नगर निगम परिसर से ही की गई है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई : होल्डिंग टैक्स की एवज में पैसा मांगने की शिकायत पर पूर्व नगर आयुक्त डॉ.शांतनु कुमार अग्रहरि ने आठ माह पूर्व (मार्च में) टैक्स कलेक्टर सुनील कुमार सिन्हा को निलंबित कर दिया था। शिकायतकर्ता ने इस मामले में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह से भी शिकायत की थी। उसके बाद मंत्री ने संबंधित टैक्स कलेक्टर को निगम कार्यालय पहुंच जमकर फटकार लगाई थी। मंत्री के निर्देश पर तत्कालीन नगर आयुक्त ने टैक्स कलेक्टर को निलंबित कर दिया था।
पहली बार एसीबी ने की है कार्रवाई : नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि टैक्स कलेक्टर सुनील कुमार सिन्हा 24 नवंबर को निलंबन मुक्त हुए थे। निगम कर्मियों ने यह भी बताया कि पूर्व मेयर रमा खलखो के कार्यकाल से लेकर अब तक पहली बार एसीबी ने किसी निगमकर्मी को पहली बार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। जबकि पूर्व मेयर रमा खलखो के कार्यकाल से पूर्व भी निगरानी विभाग की टीम दो निगमकर्मियों को रिश्वत लेते पकड़ चुकी है।