विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाटा स्टील 55.94 करोड़ जल शुल्क झारखंड सरकार को चुकाएगी, 33 साल पुराना विवाद सुलझा

Published: Thu, 12 Nov 2026 07:00 PM (IST)

टाटा स्टील और झारखंड सरकार के बीच सुवर्णरेखा परियोजना के जल शुल्क को लेकर 33 साल पुराना विवाद सुलझ गया ...और पढ़ें

राज्य सरकार तथा टाटा स्टील के बीच समझौता होने के बाद कोर्ट ने निष्पादित की याचिका।

राज्य सरकार तथा टाटा स्टील के बीच समझौता होने के बाद कोर्ट ने निष्पादित की याचिका।

HighLights

  1. टाटा स्टील और झारखंड सरकार का 33 साल पुराना विवाद सुलझा।

  2. कंपनी 55.94 करोड़ रुपये बकाया जल शुल्क का भुगतान करेगी।

  3. भुगतान चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में यथाशीघ्र किया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, रांची। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस मनोज प्रसाद की अदालत में सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना से जुड़े जल शुल्क के बकाए को लेकर टाटा स्टील और झारखंड सरकार के बीच लगभग 33 साल पुराने विवाद में सुनवाई हुई।

सुनवाई के दौरान टाटा स्टील ने एक जुलाई 1998 से पहले की अवधि के बकाया जल शुल्क के रूप में मांगी गई 55.94 करोड़ रुपये की पूरी राशि का भुगतान करने पर सहमति जताई है। कंपनी चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में यथाशीघ्र इस राशि का भुगतान करेगी। दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के बाद खंडपीठ ने याचिका का निष्पादन कर दिया।

यह मामला टाटा आयरन एंड स्टील कंपनी लिमिटेड (अब टाटा स्टील) और उसके एक शेयरधारक अरुण नारायण सिंह की ओर से वर्ष 1993 में दायर मामले से संबंधित है। याचिका में बिहार सरकार के सिंचाई विभाग और सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना के अधिकारियों को प्रतिवादी बनाया गया था। कंपनी ने जल शुल्क से संबंधित मांगों को चुनौती दी थी।

अदालत के निर्देश पर शुरू हुई समझौते की पहल

मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने दो सितंबर को दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर शुरुआती बातचीत होने की जानकारी दर्ज की थी। अदालत ने आपसी सहमति से विवाद सुलझाने के लिए पक्षों को समय दिया था। इसके बाद झारखंड सरकार के जल संसाधन विभाग ने 28 सितंबर को एक मध्यस्थता समिति गठित की।

टाटा स्टील की ओर से भी समिति के लिए प्रतिनिधि नामित किए गए। समिति की बैठक 15 अक्टूबर को रांची स्थित जल भवन में हुई। इसमें एक जुलाई 1998 से पहले की अवधि के बकाया जल शुल्क पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि एक जुलाई 1998 से 31 मार्च 2023 तक की अवधि के जल शुल्क से जुड़े अन्य विवादों का निपटारा हाई कोर्ट के 28 जून 2024 के फैसले के आधार पर पहले ही हो चुका है। अब केवल 55.94 करोड़ रुपये के बकाए का भुगतान बाकी था।

कंपनी ने दिया पूरी बकाया राशि देने का प्रस्ताव

समिति की बैठक और शपथपत्र में दी गई जानकारी के अनुसार, लंबे समय से चले आ रहे विवाद को समाप्त करने के लिए टाटा स्टील ने स्वेच्छा से पूरी बकाया राशि का भुगतान करने का प्रस्ताव दिया। राज्य सरकार ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति जताई।

दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी कि कंपनी यथाशीघ्र 55.94 करोड़ रुपये का भुगतान कर देगी। हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने अदालत को बताया कि आपसी सहमति से विवाद का समाधान हो गया है।

उन्होंने समझौते की शर्तों के आधार पर याचिका का निष्पादन करने का आग्रह किया। खंडपीठ ने दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते को स्वीकार करते हुए याचिका निष्पादित कर दी। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।