हेमंत सोरेन की सरकार भी गिरेगी... सुवेंदु अधिकारी का बड़ा दावा... महाराष्ट्र के बाद झारखंड का नंबर...
Suvendu Adhikari Maharashtra Political Crisis भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि महाराष्ट्र में जिस तरह के हालात बने हैं ठीक उसी तरह से झारखंड में भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार का गिरना संभव है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के बाद झारखंड राजस्थान और बंगाल की बारी है।
रांची, जेएनएन। Maharashtra Political Crisis, Suvendu Adhikari पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धुर विरोधी और भाजपा के बड़े नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि महाराष्ट्र के बाद झारखंड की बारी है। उन्होंने निकट भविष्य में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अगुआई वाली महा विकास अघाड़ी सरकार जैसा हश्र झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के होने का दावा किया है। भाजपा नेता ने कहा कि जिस तरह के हालात महाराष्ट्र में बने हैं, ठीक उसी तरह से झारखंड में भी झामुमो-कांग्रेस-राजद की गठबंधन सरकार का गिरना तय है। सुवेंदु अधिकारी ने कूचबिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, महाराष्ट्र के बाद झारखंड, फिर राजस्थान और उसके बाद पश्चिम बंगाल की बारी है।
भाजपा नेता ने इन राज्यों के बारे में बड़ा दावा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के बाद कतार में झारखंड और राजस्थान हैं। आगे बंगाल की टीएमसी सरकार का भी यही हश्र होगा। अधिकारी ने कहा, पहले महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति को हल होने दें, फिर झारखंड और राजस्थान की बारी आएगी। उसके बाद पश्चिम बंगाल का भी नंबर आएगा। आता है। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार का हश्र भी अन्य गैर-भाजपा शासित राज्यों की तरह होगा।
बता दें कि इन दिनों महाराष्ट्र गंभीर राजनीतिक संकट में उलझा हुआ है। यहां सत्तारूढ़ शिवसेना के 40 से अधिक विधायक एकनाथ शिंदे की अगुआई में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बगावत कर असम के गुवाहाटी में डेरा डाले हुए हैं। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना के बागी विधायकों को राज्यपाल से मिलने और अपनी बात रखने का आदेश दिया है। संभव है कि मंगलवार को एकनाथ शिंदे और शिवसेना के सभी बागी विधायक मुंबई पहुंच जाएं।
बहरहाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी के बयान से सियासी तपिश बढ़ गई है। टीएमसी ने अधिकारी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भगवा खेमा, भाजपा सत्ता पर कब्जा करने के लिए बोली लगा रही है। भाजपा की मंशा कभी पूरी नहीं होने देंगे। सुवेंदु की टिप्पणी स्पष्ट रूप से बता रही है कि भाजपा ने ही महाराष्ट्र को संकट में डाला है।
इधर, झारखंड पर सुवेंदु अधिकारी के दावे को लेकर सत्तारुढ़ दलों में से किसी की प्रतिक्रिया अबतक नहीं मिल सकी है। जबकि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नई दिल्ली में सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह से मिले। इस दौरान उन दोनों की क्या बातचीत हुई, इस पर हेमंत सोरेन ने कहा कि अभी जो हुआ आपने देखा, आगे ब्रेक के बाद...। हेमंत ने दिल्ली में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात की है। सियासी गलियारे में चर्चा है कि हेमंत सोरेन एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने और केंद्र की मोदी सरकार से अपनी अपेक्षाओं को लेकर अमित शाह से मिलने पहुंचे हैं।
इधर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने महाराष्ट्र के मौजूदा सियासी संकट पर चुटकी लेते हुए कहा, सुना है शिवसेना के एक और मंत्री उदय सामंत भी गोहाटी पंहुच कर एकनाथ शिंदे खेमे में शामिल हो गए हैं। लगता है वो दिन दूर नहीं जब बाला साहेब वाली पारिवारिक सेना पार्टी में सिर्फ उद्धव ठाकरे जी, संजय राउत और उनके पुत्र आदित्य ठाकरे ही रह जाएंगे। बहरहाल, सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को दावा किया है कि कार्यकाल समाप्त होने से पहले ही झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का महाराष्ट्र जैसा ही हश्र होगा।