आय से अधिक संपत्ति मामले में निलंबित IAS विनय चौबे और उनकी पत्नी से पूछताछ, ACB ने फिर बुलाया
एसीबी ने निलंबित आईएएस विनय कुमार चौबे के आय से अधिक संपत्ति मामले में उनके करीबी विनय सिंह और उनकी ...और पढ़ें

ACB ने फिर बुलाया
HighLights
निलंबित IAS विनय चौबे के करीबियों से ACB ने की पूछताछ।
विनय सिंह और पत्नी स्निग्धा सिंह से दोबारा होगी पूछताछ।
डेढ़ करोड़ का फ्लैट और बैंक ट्रांसफर की जांच जारी।
राज्य ब्यूरो, रांची। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत जांच कर रही एसीबी ने निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के करीबी विनय सिंह व विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह से बुधवार को पूछताछ की।
उक्त केस में दोनों नामजद आरोपित हैं और वर्तमान में अग्रिम जमानत पर हैं। विनय सिंह नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के संचालक हैं। दोनों ही आरोपितों से एसीबी ने रांची स्थित एसीबी मुख्यालय में पूछताछ की है। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों को गुरुवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
पद का दुरुपयोग कर काली कमाई की
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एसीबी ने निलंबित आईएएस विनय कुमार चौबे, उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, ससुर एसएन त्रिवेदी, साला शिपिज त्रिवेदी, सरहज प्रियंका त्रिवेदी, विनय कुमार चौबे के सहयोगी विनय सिंह व विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह को नामजद आरोपित बनाया था।
आरोप है कि निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे ने पद का दुरुपयोग कर काली कमाई की जिसे अन्य आरोपितों ने विभिन्न माध्यमों से निवेश किया। आरोप है कि काली कमाई को सफेद करने में सभी आरोपितों की भूमिका रही।
डेढ़ करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदा
इस मामले की जांच में एसीबी ने पाया है कि ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह ने कोविड काल में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदा था, जबकि उस वक्त बाजार में मंदी थी।
यह भी जानकारी सामने आई है कि वर्ष 2020 से 2023 के बीच विनय सिंह के नेक्सजेन ऑटोमोबाइल से जुड़े बैंक खाते से विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना के निजी खाते में लगभग 1.5 करोड़ रुपये स्थानांतरित की थी। इन सभी बिंदुओं पर एसीबी की पूछताछ चल रही है।
