Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वियजादशमी पर भारत से अमेरिका तक होगा सुंदर कांड का पाठ, 25 लाख परिवार होंगे शामिल

    By Sujeet Kumar SumanEdited By:
    Updated: Tue, 20 Oct 2020 01:35 PM (IST)

    Sunderkand Paath on Vijayadashami विजयादशमी पर एकल अभियान की पहल के अंतर्गत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन चल रहा है। रांची में मुख्य कार्यक्रम होगा। ऑनलाइन के विभिन्न माध्यमों से देश-विदेश के लोग जुड़ेंगे। अहिंदी भाषी क्षेत्रों में भी इसका आयोजन होगा।

    इसे गिनीज बुक्स ऑफ वर्ल्‍ड रिकॉडर्स में दर्ज कराया जाएगा।

    रांची, [संजय कुमार]। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अनुषांगिक संगठन एकल अभियान के प्रयास से विजयादशमी के दिन भारत से लेकर अमेरिका तक सुंदर कांड का पाठ होगा। इस आयोजन में 25 लाख परिवार शामिल होंगे। न्यूजीलैंड, कनाडा, हांगकांग, लीबिया, इंग्लैंड सहित कई देशों में रहने वाले एकल अभियान से जुड़े लोगों ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सभी लोग अपने-अपने घरों में पाठ करेंगे। इसके लिए सुबह छह बजे से लेकर रात्रि 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। झारखंड की राजधानी रांची के आरोग्य भवन में मुख्य कार्यक्रम होगा। श्रीहरि कथा सत्संग योजना के कथावाचक पाठ करेंगे। यहीं से देश-विदेश में ऑनलाइन के विभिन्न माध्यमों यथा फेसबुक, यूट्यूब, वेबसाइट, सुभारती चैनल आदि से सीधा प्रसारण होगा।

    इस उपलब्धि को गिनीज बुक्स ऑफ वर्ल्‍ड रिकॉडर्स में दर्ज कराने के लिए संबंधित प्राधिकार से संपर्क किया गया है। एकल अभियान के संस्थापक व आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक श्यामजी गुप्त ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को संस्कारित करना है। बच्चों को अपनी सभ्यता व संस्कृति से अवगत कराना है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराना आवश्यक है। इसके लिए पंजीकरण लिंक forms.gle/TdEEU7sTqbcUsYzy6 पर जाएं और रजिस्‍ट्रेशन कराएं।

    अहिंदी भाषी क्षेत्रों में भी होगा आयोजन

    देश के एक लाख से अधिक वनवासी गांवों में एकल अभियान के तहत श्रीहरि कथा योजना चल रही है। उसी के माध्यम से विश्वस्तरीय सुंदर कांड का पाठ किया जा रहा है। इसका आयोजन हिंदी भाषी क्षेत्रों के साथ ही अहिंदी भाषी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानीय भाषाओं में भी किया जाएगा। दक्षिण भारत के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचलित लोक भाषाओं में भी कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। पूर्वोत्तर तथा बंगाल के कुछ क्षेत्रों में जहां सुंदर कांड नहीं पढ़ा जाता है, ऐसे स्थानों पर एक घंटे का हरे राम हरे कृष्ण संकीर्तन का आयोजन होगा।

    विदेश के समय को देखते हुए रांची में चार बजे से 7.30 बजे तक होगा कार्यक्रम

    विदेशों से जुडऩे वाले सदस्यों के समय को ध्यान में रखते हुए आरोग्य भवन से इस पाठ का सीधा प्रसारण का समय सायं चार बजे से 7.30 बजे का होगा। इसमें चार से पांच बजे तक देश/विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे पाठ की झलकियां दिखाई जाएंगी और सायं पांच बजे से सुंदर कांड का पाठ शुरू होगा। पाठ का समय सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रखा गया है, ताकि सभी अपनी सुविधानुसार समय चुनकर पाठ कर सकें। यह पहला अवसर होगा जब एक दिन में एकल अभियान श्रीहरि कथा योजना के बैनर तले इतनी बड़ी संख्या में लोग सुंदर कांड का पाठ करेंगे।