हिंदू जागरण मंच के सुमन कुमार ने कहा, चीन भारत को 1962 के नजरिये से ना देखे, ये 2020 का भारत है
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आनुषांगिक संगठन हिदू जागरण मंच के क्षेत्र संगठन मंत्री सुमन कुमार ने कहा कि यह 1962 का भारत नहीं है 2020 का भारत है। हमें चीनी वस्तुओं का बहिष्कार करना चाहिए।
जागरण संवाददाता, रांची : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आनुषांगिक संगठन हिदू जागरण मंच ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों से भी चीनी वस्तुओं के बहिष्कार का आह्वान किया है। बुधवार को झारखंड और बिहार में मंच के सभी कार्यकर्ताओं ने चीनी सीमा पर शहीद हुए जवानों को अपने-अपने घरों में श्रद्धांजलि देते हुए चीनी सामान के बहिष्कार के लिए एक घंटे तक धरना दिया। शाम चार से पांच बजे के बीच एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस मौके पर हिदू जागरण मंच के क्षेत्र संगठन मंत्री सुमन कुमार ने कहा कि यह 1962 का नहीं, 2020 का भारत है। हमारी सेना ने चीन को मुंहतोड़ जवाब देते हुए उसके सैन्य कमाडर सहित दोगुने सैनिक मारे हैं। यही है नए भारत का परिचय। अब अपने घरों में स्वदेशी सामान का उपयोग कर चीन को भारत की ताकत का अहसास करा देना है। पहले विश्व में कोरोना वायरस फैलाकर धोखा देने वाला छलिये चीन को समझना होगा कि भारत चीन को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह सक्षम है। चीन लद्दाख में गिद्ध दृष्टि गड़ाए हुए है, लेकिन भारत एक इंच भी अपनी जमीन खोने नहीं देगा।
--- चीन को आर्थिक चोट देकर सबक सिखाना है सुमन कुमार ने कहा कि चीन को भारत से भारी भरकम आर्थिक लाभ होता है। इसलिए चीन निर्मित वस्तुओं का हमें पूर्ण रूप से बहिष्कार करना है। भले कुछ महंगे सामान खरीदने पड़ें, लेकिन स्वदेशी सामान ही खरीदेंगे। अब मंच के कार्यकर्ता अपने घरों में स्वदेशी सामान का ही उपयोग करेंगे। ---
भारत के बढ़ते प्रभुत्व से चीन को है ईष्र्या
सुमन कुमार ने कहा कि जिस तरह कोरोना महामारी से निपटने में भारत का विश्व में नाम हुआ है उससे चीन बौखला गया है। विश्व समुदाय के सामने भारत के उभरने से चीन की कम्युनिष्ट सत्ता ईष्र्या व घुटन महसूस कर रहा है। इन्हीं कारणों से चीन भारत को उकसा रहा है, लेकिन अब देश जैसे को तैसा जवाब देने में सक्षम है।