यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा का मिशन 2019, सीएम ने दिया बूथ जीतो, चुनाव जीतो का मंत्र
भाजपा ने आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में एक करोड़ वोट हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

राज्य ब्यूरो, रांची। मिशन 2019 की तैयारियों में जुटी प्रदेश भाजपा ने आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में एक करोड़ वोट हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में हुई प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक में कार्यकर्ताओं को इस टास्क से अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस लक्ष्य को हासिल करने का मंत्र भी दिया कहा, बूथ जीतो, चुनाव जीतो।
प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक में सत्ता और संगठन की दृष्टि से कई भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 15, 16 और 17 सितंबर के रांची प्रवास की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। पूरा फोकस बूथ पर रहा। तय किया गया कि सभी 29,675 बूथों को मजबूत किया जाएगा, जहां समितियों का गठन नहीं किया गया है वहां शाह के दौरे से पूर्व इन्हें हर हाल में पूरा कर लिया जाए। बैठक में राज्य सरकार के एक हजार दिन की उपलब्धियों पर भी चर्चा की गई। तय किया गया कि कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाए।
बैठक के उपरांत प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि बैठक में संगठनात्मक दृष्टिकोण से पार्टी के विस्तार और मजबूती पर विस्तार से चर्चा की गई। सरकार की एक हजार दिनों की उपलब्धियों की कार्ययोजना पर चर्चा हुई है। इस क्रम में 11 सितंबर को रांची में राज्य सरकार की ओर से बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें पार्टी भी अपनी भूमिका का निर्वाह करेगी। 22 सितंबर को दुमका में बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा। कहा, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 15, 16 और 17 सितंबर को रांची प्रवास पर रहेंगे। इन तीन दिनों में वे 19 बैठकें करेंगे जिसमें प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
सीएम ने कहा है कि केंद्र व सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही भाजपा कार्यकर्ता जनता के सवालों को भी सरकार तक पहुंचाने का कार्य करें। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा भी मौजूद थे।
दो दर्जन लोगों ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता
विभिन्न दलों के दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता रविवार को भाजपा से जुड़े। भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने इन सदस्यों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष समीर उरांव, मंत्री मुनेश्वर साहू, कार्यालय प्रभारी हेमंत दास, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, महिला मोर्चा की अध्यक्ष आरती सिंह भी उपस्थित थीं।
प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि भाजपा की नीतियों एवं कार्यपद्धति से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के कार्यकर्ता आज भाजपा से जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास यात्र का सहभागी बनना चाहते हैं। कहा, राजनीतिक क्षेत्र में कार्य करने वाले लोग समझ चुके हैं कि भाजपा के नेतृत्व में ही देश सुरक्षित है। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में साहिबगंज जिले से कृष्णा महतो, प्रीति कुमारी, जगदीश कुमार साहा, संजय कुशवाहा, पंकज कुमार, राज कुमार महतो, नीरज कुमार, संटू यादव, लक्ष्मी नारायण यादव, संजय चौधरी, दीनबंधु दास, विश्वकर्मा राय, इंदुशेखर गुप्ता, बबन कुमार, नागेश्वर महतो, जयधन महतो, सत्येंद्र नारायण मिश्र सहित अन्य शामिल हैं।
