लालू यादव के साथ हो रहा सौतेला व्यवहार : साधु यादव
पूर्व सामाजिक न्याय के अगुआ व राजद अध्यक्ष लालू यादव के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। साधू यादव ने कहा कि लालू को जेल एवं बाकी को बेल ठीक नहीं है।
जागरण संवाददाता, रांची : पूर्व सामाजिक न्याय के अगुआ व राजद अध्यक्ष लालू यादव के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। लालू को जेल व बाकी को बेल, समाज हित में बेहद ही चिंतनीय सवाल है। अब याचना नहीं रण होगा। ये बातें पूर्व सांसद साधु यादव ने कही। वे रविवार को बतौर मुख्य अतिथि सेक्टर -2 में श्रीकृष्ण विकास परिषद द्वारा आयोजित यादव महाकुंभ कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। विषय था, यादव जाति एक विज्ञान है। उन्होंने कहा कि देश में यादव जाति 29 फीसद हैं। यदि यादव जाति अपनी एकजुटता का परिचय दे तो सामाजिक विकास के साथ-साथ शैक्षणिक रूप से भी मजबूत होंगे। कहा, हम सभी कृष्ण के वंशज हैं। संस्कार व सभ्यता हमारी संस्कृति है। तेजस्वी यादव को राजनीति में बहुत कुछ सीखना बाकी है। परिषद के मुख्य संरक्षक कैलाश यादव ने कहा कि देश मे यादव जाति बहुसंख्यक हैं। फिर भी राजनीतिक रूप से काफी पीछे हैं। कहा, समाज की मजबूती के लिए परिषद कार्य कर रहा है। सभी जिलों में श्रीकृष्ण भवन व स्कूल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। समाजसेवी काजल यादव ने कहा कि महिलाएं सभी क्षेत्रों में पीछे हैं। उन्हें साक्षर बनाना समाज के लोगों का दायित्व होना चाहिए। शिक्षा से ही सामाजिक परिवर्तन व विकास संभव है। इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष सुरेश राय, सचिव राम कुमार यादव, भीम महतो, महिला अध्यक्ष पूनम यादव, अनिता सिंह, विनय यादव, सुनील यादव, राम इकबाल सिंह, पशुपति राय समेत कई उपस्थित थे।
------
कार्यक्रम में पारित किए गए प्रस्ताव
- यादव जाति को झारखंड में केटेगरी-1 में शामिल किया जाए। जातीय जनगणना को प्रकाशित किया जाए।
- नशामुक्ति अभियान चलाकर यादव समाज को शराब व अन्य नशीले सेवन से दूर करें।
- सामूहिक विवाह आयोजित कर यादव समाज से अमीरी-गरीबी को मिटाने का प्रयास किया जाए।
- डेयरी का कार्य करने वाले पशुपालकों को सरकारी स्तर पर 50 फीसद सब्सिडी का लाभ दिया जाए। मेट्रोपोलिटन सिटी की तर्ज पर दूध की दर का निर्धारण हो।
- राज्य के 24 जिलों में श्रीकृष्ण भवन व स्कूल खोला जाए।
- ओबीसी समाज को 27 फीसद आरक्षण का अधिकार दिया जाए।
- विधानसभा चुनाव में हटिया, रांची, जरमुंडी, कोडरमा, झरिया, नाला, गांडेय, भवनाथपुर समेत 18 सीटों पर यादव समाज की भागीदारी होनी चाहिए।