सरकार के मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी को मिल सकता है सेवा विस्तार, 30 सितंबर को हो रहे सेवानिवृत्त
राज्य सरकार के मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी की उपयोगिता को देखते हुए उन्हें सेवा विस्तार देने की तैयारी है।
रांची, आनंद मिश्र। मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी की उपयोगिता को देखते हुए राज्य सरकार उन्हें अवधि विस्तार देने का मन बना रही है। त्रिपाठी 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होनेवाले हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें फिलहाल छह माह का अवधि विस्तार दिया जाएगा।
अवधि विस्तार के लिए राज्य सरकार शीघ्र ही केंद्र सरकार से अनुरोध करेगी। 1985 बैच के आइएएस आफिसर सुधीर त्रिपाठी ने इसी वर्ष 28 फरवरी को मुख्य सचिव का प्रभार लिया था।
विवादों से दूर रहने वाले सुधीर त्रिपाठी का ट्रैक रिकार्ड खासा अच्छा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के बाद बतौर मुख्य सचिव उनका कार्यकाल सराहनीय रहा है। मुख्यमंत्री रघुवर दास भी उनके कामकाज से खुश हैं।
सरल स्वभाव के सुधीर त्रिपाठी ब्यूरोक्रेसी में भी लोकप्रिय हैं और केंद्र में इन्हें पसंद भी किया जाता है। बता दें कि हाल ही में झारखंड कैडर के आरएस शर्मा के कामकाज को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें एक्सटेंशन दिया है। शर्मा ट्राई के चेयरमैन हैं।
अवैध मैटरनिटी होम्स व एडॉप्शन पर दें रिपोर्ट
राज्य में संचालित अवैध मैटरनिटी होम्स व एडॉप्शन पर कितनी कार्रवाई हुई, इसकी रिपोर्ट दें। केंद्र सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की चिट्ठी से गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय को अवगत कराया है। केंद्र ने सरकार को फिर रिमाइंडर भेजा है।
मंत्रालय के सचिव राकेश श्रीवास्तव ने पत्र में जुवेनाइल जस्टिस एक्ट-2015 का हवाला देते हुए ऐसी संस्थाओं की निगरानी करने व इस तरह के कार्यो में लिप्त संस्थाओं पर कार्रवाई को कहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में रांची में मैटरनिटी होम्स व एडॉप्शन के नाम पर अवैध कारोबार व कोख के सौदे की बात सामने आ चुकी है। फिलहाल, सीआइडी पूरे मामले की जांच कर रही है।