हेमंत सोरेन ने कहा- भाजपाइयों पर पैसे लुटाने की योजना, चारों तरफ घोटाले
Hemant Soren. झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार के वार्षिक बजट को भ्रामक करार दिया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार के वार्षिक बजट को भ्रामक करार दिया है। उन्होंने बजट भाषण और बजट की संक्षिप्त झलक वाली किताबों में आंकड़ों के अंतर पर ध्यान दिलाते हुए कहा कि बजट निराशा पैदा करने वाला है। आंकड़े में अंतर यह साबित करता है कि अफसरों ने खानापूर्ति की है और उनके द्वारा बनाए व लिखे गए बजट भाषण को मुख्यमंत्री ने बगैर जांचे-परखे रटकर पढ़ दिया है।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि आखिरकार सरकार किसानों को प्रति हेक्टेयर पांच हजार रुपये का भुगतान कैसे करेगी। सरकार के बजट का योजना आकार 48 हजार करोड़ है और अकेले इस योजना पर 45 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सारा पैसा भाजपाइयों पर लुटाने की योजना मुख्यमंत्री ने बनाई है। इसका प्रमाण भी उनके विधायकों ने सार्वजनिक किया है। जिसमें भाजपा के जिलाध्यक्षों ने उन लोगों की सूची बना ली है जो किसानों को मिलने वाले पैसे से लाभान्वित होंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा किसानों के आशीर्वाद से सत्ता में आने वाले मुख्यमंत्री रघुवर दास अब उनके लिए आशीर्वाद योजना शुरू कर रहे हैं। ये किसानों को क्या आशीर्वाद देंगे? किसान इन्हें सत्ता से बाहर कर देंगे। सरकार के बजट से जुड़े अधिकांश दस्तावेज त्रुटियों से भरे हैं। ये सिर्फ सपने दिखा रहे हैं। रघुवर सरकार से राज्य के लोगों को कोई उम्मीद नहीं है। ये 2014 के विधानसभा चुनाव में भी सपना दिखाकर सत्ता में आए थे। एक बार फिर से ये लोगों को सपने दिखा रहे हैं।
राज्य की जनता भाजपा को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। ये किस मुंह से बड़ी-बड़ी योजनाओं का एलान कर रहे हैं। राज्य सरकार की राजस्व उगाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। रघुवर दास खुद की सरकार को बेदाग बताते हैं लेकिन उनके मंत्री हीं अब सवाल उठा रहे हैं। कौशल विकास में बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है। कंबल घोटाले में बड़े अधिकारियों समेत कई लोग संदेह के घेरे में हैं। सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में लिप्त है।