Move to Jagran APP

समूचे झारखंड में सक्रिय हुआ मानसून, गरज-मलक के साथ जोरदार बारिश Ranchi News

शनिवार को दिनभर कई इलाकों में मूसलाधार बारिश होती रही। सिमडेगा के कुरडेग में सर्वाधिक 79 मिमी वर्षा रेकॉर्ड की गई। इस दौरान वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sun, 23 Jun 2019 10:10 AM (IST)Updated: Sun, 23 Jun 2019 03:57 PM (IST)
समूचे झारखंड में सक्रिय हुआ मानसून, गरज-मलक के साथ जोरदार बारिश Ranchi News

रांची, जासं। मानसून ने पूरे झारखंड को कवर कर लिया है। इस दौरान कहीं जोरदार बारिश तो कहीं हल्की बारिश से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है वहीं पहले मानसून में ही वज्रपात की घटनाओं से जान-माल की क्षति का भी सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार को भी गढ़वा और हजारीबाग में दो बच्चों की वज्रपात से मौत हो गई, जबकि कुछ जानवरों को भी जान गंवानी पड़ी। गढ़वा के रमना थाना क्षेत्र के खरदाहा गांव निवासी सरदार सिंह के पुत्र शेरू खरवार (11वर्ष) की मौत शनिवार की दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से हो गई। इस घटना में कृष्णा सिंह की पुत्री रुक्मिणी कुमारी भी घायल हो गई।

loksabha election banner
  • गढ़वा और हजारीबाग में वज्रपात से दो बच्चों की गई जान, जानवरों पर भी कहर
  • पूरे राज्य में मानसून दिखा रहा असर, बदला मौसम का मिजाज
  • पिछले 24 घंटे में सिमडेगा के कुरडेग में हुई सबसे अधिक बारिश

हजारीबाग के बड़कागांव पूर्वी पंचायत के ग्राम आराहारा में वज्रपात से तुलेश्वर ठाकुर के पुत्र बादल कुमार (10 वर्ष) की मौत हो गई। घटना के वक्त वह अन्य बच्चों के साथ पेड़ के नीचे खेल रहा था, तभी वहां वज्रपात हो गया। वज्रपात में एक अन्य बालक सूरज कुमार भी घायल हो गया। वहीं एक अन्य घटना में गढ़वा के ही मझिआंव प्रखंड के टड़हे पंचायत स्थित कोइनबार गांव में शुक्रवार शाम वज्रपात से 60 भेड़ों की मौत हो गई।

मौसम वैज्ञानिक आरएस शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। धनबाद व सिमडेगा के कुछ हिस्सों में बारी बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में सिमडेगा के कुरडेग में सबसे अधिक 78.2 मिमी. बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह 8:30 से शनिवार की सुबह 8:30 बजे तक में रांची में 22.2 मिमी., जमशेदपुर में 31.0 मिमी., डालटनगंज में 60.0 मिमी. बोकारो में 29.0 मिमी. व चाईबासा में 12.4 मिमी. बारिश हुई। इधर, शनिवार की सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक रांची में 11.0 मिमी., जमशेदपुर में 5.0 मिमी. व डालटनगंज में 26.0 मिमी. बारिश हुई। हालांकि एक जून से लेकर अब तक पूरे राज्य में 54 फीसद कम बारिश दर्ज की गई है। राज्य में सामान्य बारिश 117.0 मिमी. की जगह अब तक मात्र 54 मिमी ही बारिश हुई है।

बारिश के बाद गर्मी से राहत
बारिश के बाद रांची के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 28.0 व न्यूनतम तापमान 23.2 डिसे. रिकॉर्ड किया गया। इससे पूर्व शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 36.8 व न्यूनतम तापमान 23.4 डिसे. रिकॉर्ड किया गया था। मौसम वैज्ञानिक आरएस शर्मा ने बताया कि पूरे राज्य में मानसून की बारिश हो रही है।

फिलहाल उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी व पश्चिम बंगाल से जुड़े सीमावर्ती क्षेत्रों के ऊपर बना निम्न दाब का क्षेत्र ओडिशा के आंतरिक हिस्सों, झारखंड से जुड़े सीमावर्ती क्षेत्रों व उत्तरी छत्तीसगढ़ में स्थित है। इसके साथ जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन समुद्रतल से ऊपर 5.8 किमी. क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान व उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक बना टर्फलाइन मध्य प्रदेश, निम्न दाब क्षेत्र के केंद्र बिंदु से होते हुए ओडिशा के आंतरिक हिस्सों व झारखंड से जुड़े सीमावर्ती क्षेत्रों के अलावा उत्तरी छत्तीसगढ़ तक स्थित है।

मौसम पूर्वानुमान में बताया कि रविवार को रांची एवं आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। वहीं 24 से 26 जून तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात होने की भी संभावना है। 23-25 जून तक राज्य के कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी, जबकि 26 जून को राज्य के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी।

कहां कितनी बारिश हुई

कुरडेग : 78.2 मिमी

पपुंकी : 70 मिमी

सिमडेगा, कोलेबिरा, मांडर, डालटनगंज, कोनेर, 60 मिमी., नीमडीह, हिंदगीर, लातेहार, पंचेत, बोकारो (चास) : 50 मिमी.,

कुड़ू, हजारीबाग, पुटकी : 40 मिमी.

रामगढ़, बालूमाथ, मैथन, बगोदर, जमशेदपुर, देवघर, तेनुघाट : 30 मिमी.

रांची, पत्थरगामा, बड़कीसुरैया, टुंडी, धनबाद, जरीडीह : 20 मिमी.

चक्रधरपुर, चाईबासा, सरायकेला-खरसांवा,, राजमहल, पांकी, मनातू, लोहरदगा, सतगांव, मरकच्चो, कोडरमा, तोरपा, जामताड़ा, तिलैया, रायडीह, पालकोट, डुमरी व गोविंदपुर : 10 मिमी.।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.