कैंसर से मां की मौत, सदमे में बेटे ने भी दी जान Ranchi News
Jharkhand. अविनाश की मां कुछ दिन पूर्व ही वेलूर से लौटी थीं। लेकिन फिर से तबीयत बिगडऩे पर उन्हें सोमवार को रिम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
कांके (रांची), जासं। राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के कोंगे जयपुर गांव में मंगलवार को एक साथ मां-बेटे दोनों के शवों को दफन किया गया। जानकारी के मुताबिक बीएयूकर्मी राजू गाड़ी की पत्नी को कैंसर था। उनका इलाज लंबे समय से चल रहा था। कुछ दिन पूर्व ही वह वेलूर से लौटी थीं। इसी बीच फिर से तबीयत बिगडऩे पर उन्हें सोमवार को रिम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान देर रात उनका देहांत हो गया। मंगलवार की सुबह 11 बजे राजू गाड़ी अपनी पत्नी का शव लेकर घर पहुंचा। मां का शव देखकर 19 वर्षीय अविनाश परेशान हो गया। इस दौरान घरवाले शव को दफनाने के लिए स्थानीय मसना में कब्र खोदने के गए हुए थे, तभी अविनाश ने अपने कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक कमरे में पत्नी और दूसरे कमरे में बेटे का शव देखकर राजू गाड़ी का रो-रोकर बुरा हाल था। अंत में दोनों शवों को एक ही मसना में दफना दिया गया।