Weather Alert: झारखंड में लू से 6 की मौत, वज्रपात ने ली 2 लोगों की जान Ranchi News
लू की मार सबसे ज्यादा चतरा जिले में पड़ी है। यहां हंटरगंज प्रखंड में 24 घंटों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है तथा दर्जनों इससे आक्रांत बताए जा रहे हैं।
रांची, जेएनएन। बिहार की तरह झारखंड में भी मौसम का कहर बरप रहा है। लू से जहां प्रदेश में छह लोगों की मौत हो गई, वहीं वज्रपात से भी दो की जान गई है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई, बादल छाए रहे। लातेहार में जोरदार वर्षा हुई है। इसी दौरान गिरे ठनके ने दो लोगों की जान ले ली।
लू की मार सबसे ज्यादा चतरा जिले में पड़ी है। यहां हंटरगंज प्रखंड में 24 घंटों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है तथा दर्जनों इससे आक्रांत बताए जा रहे हैं। मृतकों में भाजपा नेता अमरजीत सिंह के छोटे भाई रामजीत सिंह (55), पुनीत यादव के पुत्र इंद्रदेव यादव (50) शामिल हैं। वहीं मृतकों में शामिल एक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उधर, सरायकेला थाना के गुराडीह गांव के बाहर खेत में लू लगने से एक पचास वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई।
पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के बेदानी कला गांव में एक शादी समारोह में ढोल बजाने आए 65 वर्षीय सफू राम की लू लगने से मौत हो गई। हजारीबाग रोड स्टेशन के अधीनस्थ पीडब्ल्यूआइ के कर्मचारी बासुदेव पासवान (55) की रविवार को लू लगने से मौत हो गई। वह बोधगया के रहनेवाले थे। ड्यूटी पर ही उनकी तबीयत बिगड़ी। साथियों ने बासुदेव को बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मूसलाधार बारिश के बीच हुआ वज्रपात
लातेहार जिले के महुआडांड़ प्रखंड में शनिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे के लगभग तेज आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश से जहां लोगों ने गरमी से राहत महसूस की वहीं मूसलाधार बारिश के साथ हुई व्रजपात ने दो लोगों की जान ले ली। मृतकों में 25 वर्षीय संदीप कुमार महली और 55 वर्षीय इग्नासियुस कुजूर शामिल हैं। संदीप के साथ हादसा जब हुआ जब वे अपनी बुआ के साथ खेत पर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक वे दोनों वज्रपात की चपेट में आ गए। संदीप की मौत हो गई वहीं चिंता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। संदीप की शादी महज 20 दिन पूर्व ही गारू की सुमित्रा देवी के साथ हुई थी। पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रो कर हाल बेहाल है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप