प्रेम का दुश्मन बना भाई तो बहन ने प्रेमी के साथ मिल करा दी हत्या Ranchi News
Jharkhand. रांची पुलिस ने प्रिंस हत्याकांड का खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना के 3 दिनों बाद प्रिंस का शव एक पुल के नीचे पाया गया था।
रांची, जासं। डोरंडा निवासी अहमद रजा उर्फ प्रिंस पिता मो. खलील (22) की हत्या के मामले का रांची पुलिस ने खुलासा कर लिया है। प्रिंस की हत्या की साजिशकर्ता उसकी बहन नेहा ही निकली। नेहा ने प्रिंस की हत्या उसी गैरेज के मालिक से मिलकर करवाई, जिस गैरेज में प्रिंस काम करता था। प्रिंस की बहन ने ओवरब्रिज के नीचे स्थित इंडिया मोटर्स गैरेज के मालिक मोहम्मद गुलफाम के साथ मिलकर अपने भाई की हत्या करा दी।
मामले में गैरेज के मालिक मोहम्मद गुलफाम, अमित कुमार और प्रिंस की बहन नेहा को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जाता है कि प्रिंस अपने गैरेज मालिक और अपनी बहन के साथ होने वाली बातचीत का विरोध करता था। इसी वजह से उसे रास्ते से हटा दिया।
घटना के बाद से ही बहन पर था शक
बता दें कि घटना के बाद से ही बहन संदिग्ध लग रही थी। बहन ने बयान दिया था कि घटना के तुरंत बाद तीन युवक उसके पास पहुंचे थे। उन्होंने कहा था कि तुम्हारे भाई का काम तमाम हो गया है। अब वह कभी घर नहीं लौटेगा। इस बिंदु पर पुलिस ने जब छानबीन शुरू की तो बहन ही हत्या की साजिशकर्ता निकली। बहन नेहा इतनी शातिर है कि उसने पुलिस को भी भरमाया। इसकी वजह से तीन दिनों तक प्रिंस की पत्नी से पूछताछ की गई। लेकिन पत्नी के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला।
रड से मारकर की गई थी हत्या
प्रिंस के सिर में रड से मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे प्रिंस की खोपड़ी खुल गई। प्रिंस बीते 15 अगस्त की शाम से गायब था। इसके बाद परिजनों ने डोरंडा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन दोनों की तलाश कर रहे थे। इस बीच 18 अगस्त की रात करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि घाघरा पुल के नीचे एक युवक की लाश पड़ी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्रिंस के परिजनों को बुलाया और परिजनों से पहचान कराई, तो शव प्रिंस का ही निकला। प्रिंस ओवरब्रिज के नीचे स्थित इंडिया मोटर्स में मैकेनिक था।
बहन बोली थी, तीन नकाबपोश ने बोला था- नहीं लौटेगा प्रिंस
बहन नेहा ने बताया था कि 18 अगस्त की शाम करीब आठ बजे तीन नकाबपोश युवक एक बाइक से उनकी टेलरिंग की दुकान पर पहुंचे थे। उस समय वह कपड़ा कटिंग कर रही थी। इस बीच तीनों युवकों ने पूछा कि प्रिंस कहां है। इस पर बहन बोली कि वह नहीं लौटा है। इस पर तीनों युवक बोले- काम तमाम हो गया है, अब प्रिंस कभी घर नहीं लौटेगा। यह कहते हुए तीनों नीम चौक होते हुए तेजी से भाग निकले थे। प्रिंस दो भाईयों में बड़ा था। उसकी तीन बहनें हैं। पिता भी टेलर हैं।