विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में सिरमटोली-कांटाटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर में देरी, 2.18 एकड़ जमीन अधिग्रहण का फंसा पेंच

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:05 PM (IST)

रांची में सिरमटोली-कांटाटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर का काम जमीन अधिग्रहण के चलते रुका हुआ है, जिसमें 2.18 एकड़ भूमि का अधिग्रहण ...और पढ़ें

रांची में सिरमटोली-कांटाटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर में देरी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

रांची में सिरमटोली-कांटाटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर में देरी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. सिरमटोली-कांटाटोली फ्लाईओवर में जमीन अधिग्रहण के कारण हो रही देरी।

  2. 2.18 एकड़ भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान प्रक्रिया लंबित है।

  3. परियोजना से रांची के व्यस्त मार्गों पर यातायात सुगम होगा।

जागरण संवाददाता, रांची। सिरमटोली चौक-कांटाटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर को पूरा होने में अभी यात्रियों को इंतजार करना होगा। बहुबाजार से पटेल चौक तक प्रस्तावित कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण के लिए अभी 2.18 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। ऐसे में जमीन अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परियोजना को आगे बढ़ाया जा सकेगा। 

जिला भू-अर्जन कार्यालय के दस्तावेज में अधिग्रहण के लिए चिह्नित जमीन के अलग-अलग प्लाट और संबंधित रैयतों का विवरण दर्ज है। हितबद्ध रैयतों को भूमि अधिग्रहण अधिनियम की धारा-37 के तहत नोटिस भी उपलब्ध कराया गया है। हालांकि, मुआवजा भुगतान के लिए अंचल कार्यालय में आवेदन जमा नहीं किए जाने के कारण जमीन और संरचना के मुआवजे का भुगतान नहीं हो सका है।

करीब 1.25 किलोमीटर लंबे इस कनेक्टिंग फ्लाईओवर के माध्यम से सिरमटोली-मेकान फ्लाईओवर को पटेल चौक और कोकर-योगदा सत्संग आश्रम फ्लाईओवर को बहुबाजार से जोड़ने की योजना है। इसके निर्माण से शहर के व्यस्त मार्गों के बीच संपर्क बेहतर होगा और यात्रियों व वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

पांच क्षेत्रों की जमीन होगी अधिग्रहित

जिला भू-अर्जन कार्यालय के दस्तावेज के अनुसार, फ्लाईओवर के लिए वार्ड संख्या चार, पांच और छह के अलावा कांके और सिरम मौजा की जमीन चिह्नित की गई है। इसमें सबसे अधिक 0.9730 एकड़ जमीन सिरम मौजा की है। वार्ड छह में 0.8708 एकड़, वार्ड पांच में 0.3079 एकड़ और वार्ड चार में 0.0330 एकड़ जमीन शामिल है। वहीं, कांके मौजा में 0.0042 एकड़ जमीन का अधिग्रहण प्रस्तावित है।

वार्ड चार में प्लाट संख्या 1703 की जमीन दर्ज है। वार्ड पांच में प्लाट संख्या 1004, 975, 950, 946 और 941 का उल्लेख है। वहीं, वार्ड छह में प्लाट संख्या 827, 825, 822, 823, 522, 518, 517 और 503 समेत कई प्लाट शामिल हैं। सिरम मौजा में भी विभिन्न आरएस और एमएस प्लाटों की जमीन अधिग्रहण के दायरे में है।

रैयतों को दिया गया धारा-37 का नोटिस

दस्तावेज के अनुसार, अधिग्रहित जमीन के संबंध में हितबद्ध रैयतों को धारा-37 का नोटिस उपलब्ध करा दिया गया है। इसके बावजूद मुआवजा भुगतान के लिए संबंधित रैयतों की ओर से अंचल कार्यालय में आवेदन जमा नहीं किया गया है। इसी कारण अधिग्रहित जमीन और उस पर मौजूद संरचनाओं के मुआवजे का भुगतान नहीं हो सका है।

मुआवजा भुगतान के लिए संबंधित रैयतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंचल कार्यालय में आवेदन और आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। आवेदन मिलने के बाद ही जमीन और संरचना के मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

फ्लाईओवर से यात्रियों को मिलेगी सुविधा

बहुबाजार-पटेल चौक कनेक्टिंग फ्लाईओवर शहर के प्रमुख फ्लाईओवरों को जोड़ने वाली योजना का हिस्सा है। इसके निर्माण से सिरमटोली-मेकान और कोकर की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को बहुबाजार और पटेल चौक के बीच बेहतर संपर्क मिल सकेगा। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ शहर के इस व्यस्त मार्ग पर यातायात को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- बहुबाजार-पटेल चौक कनेक्टिंग फ्लाईओवर: 2.18 एकड़ का अधिग्रहण, सिरमटोली-मेकॉन व कोकर-योगदा मार्ग भी जुड़ेगा