विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहुबाजार-पटेल चौक कनेक्टिंग फ्लाईओवर: 2.18 एकड़ का अधिग्रहण, सिरमटोली-मेकॉन व कोकर-योगदा मार्ग भी जुड़ेगा

Published: Tue, 22 Sep 2026 01:24 PM (IST)

रांची में बहुबाजार-पटेल चौक कनेक्टिंग फ्लाईओवर के लिए 2.1889 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है, जो सिरमटोली-मेकॉन और कोकर-योगदा सत्संग आश्रम फ्लाईओवर को जोड़ेगा।

वार्ड चार, पांच, छह और सिरम मौजा की जमीन शामिल, रैयतों को धारा-37 के तहत नोटिस।

वार्ड चार, पांच, छह और सिरम मौजा की जमीन शामिल, रैयतों को धारा-37 के तहत नोटिस।

HighLights

  1. बहुबाजार-पटेल चौक फ्लाईओवर के लिए 2.18 एकड़ जमीन अधिग्रहण।

  2. सिरमटोली-मेकॉन और कोकर फ्लाईओवर को जोड़ेगा यह महत्वपूर्ण परियोजना।

  3. रैयतों के आवेदन न करने से मुआवजा भुगतान प्रक्रिया अटकी।

जागरण संवाददाता, रांची। बहुबाजार से पटेल चौक तक प्रस्तावित कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 2.1889 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। जिला भू-अर्जन कार्यालय के दस्तावेज में जमीन के अलग-अलग प्लॉट और संबंधित रैयतों का विवरण दर्ज है।

अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत हितबद्ध रैयतों को भूमि अधिग्रहण अधिनियम की धारा-37 के तहत नोटिस उपलब्ध कराया गया है। मुआवजा भुगतान के लिए अंचल कार्यालय में आवेदन जमा नहीं किए जाने के कारण जमीन और संरचना के मुआवजे का भुगतान नहीं हो सका है।

करीब 1.25 किलोमीटर लंबे इस कनेक्टिंग फ्लाईओवर की योजना सिरमटोली-मेकॉन फ्लाईओवर को पटेल चौक और कोकर-योगदा सत्संग आश्रम फ्लाईओवर को बहुबाजार से जोड़ने की है। इससे शहर के व्यस्त मार्गों के बीच संपर्क बेहतर होने और यातायात को सुगम बनाने की उम्मीद है।

पांच क्षेत्रों की जमीन होगी अधिग्रहित

जिला भू-अर्जन कार्यालय के दस्तावेज के अनुसार, अधिग्रहण के लिए वार्ड संख्या चार, पांच और छह के अलावा कांके और सिरम मौजा की जमीन चिह्नित की गई है। इसमें सबसे अधिक 0.9730 एकड़ जमीन सिरम मौजा की है।

वार्ड छह में 0.8708 एकड़, वार्ड पांच में 0.3079 एकड़ और वार्ड चार में 0.0330 एकड़ जमीन शामिल है। कांके मौजा में 0.0042 एकड़ जमीन का अधिग्रहण प्रस्तावित है। वार्ड चार में प्लॉट संख्या 1703 की जमीन दर्ज है।

वार्ड पांच में प्लॉट संख्या 1004, 975, 950, 946 और 941 का उल्लेख है। वहीं, वार्ड छह में प्लॉट संख्या 827, 825, 822, 823, 522, 518, 517 और 503 समेत कई प्लॉट शामिल हैं। सिरम मौजा में भी विभिन्न आरएस और एमएस प्लॉटों की जमीन अधिग्रहण के दायरे में है।

रैयतों को दिया गया धारा-37 का नोटिस

दस्तावेज में स्पष्ट किया गया है कि अधिग्रहित जमीन के संबंध में हितबद्ध रैयतों को धारा-37 का नोटिस उपलब्ध करा दिया गया है। इसके बावजूद मुआवजा भुगतान के लिए संबंधित रैयतों की ओर से अंचल कार्यालय में आवेदन जमा नहीं किया गया है।

इसी कारण अधिग्रहित जमीन और उस पर मौजूद संरचनाओं के मुआवजे का भुगतान नहीं हो सका है। नोटिस के तहत निर्धारित प्रक्रिया के तहत मुआवजा भुगतान के लिए आवेदन करना होगा । ऐसे में संबंधित रैयतों को मुआवजे की प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक आवेदन और दस्तावेज जमा करने होंगे।

फ्लाईओवर से शहर के यातायात को मिलेगी राहत

बहुबाजार-पटेल चौक कनेक्टिंग फ्लाईओवर को रांची के प्रमुख फ्लाईओवरों को जोड़ने वाली परियोजना के रूप में देखा जा रहा है। इसके निर्माण से सिरमटोली-मेकॉन और कोकर की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को बहुबाजार और पटेल चौक के बीच बेहतर संपर्क मिल सकेगा। इसे इसी वर्ष पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन धीमी गति से काम होने के कारण अगले वर्ष ही अब पूरा हो सकेगा।