Simdega Corona News: सिमडेगा में आज फिर मिले 03 कोरोना पॉजिटिव, अबतक 10; जानें ताजा हाल
साेमवार को झारखंड में अबतक कुल 25 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से 3 मामले सिमडेगा से संबद्ध हैं। सभी कोरोना मरीजों को कोविड अस्पताल भेजा गया है।
रांची, जेएनएन। झारखंड में अब कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को एक बार फिर 27 नए मामले सामने आए हैं। इनमें सर्वाधिक 10 मामले राजधानी रांची के सिल्ली इलाके में पाए गए हैं। 5 कोरोना मरीज लातेहार में मिले, जबकि 3 कोरोना मरीज सिमडेगा के हैं। राज्य में कोरोना मरीजों का आंकड़ा आज के ताजा मामलों को जोड़कर 404 पर पहुंच गया है। अब सिर्फ साहिबगंज ही एकमात्र जिला बचा है, जहां कोरोना संक्रमण नहीं पहुंच सका। सोमवार को खूंटी झारखंड का 23वां जिला बना, जहां कोरोना ने दस्तक दी। यहां आज एक कोरोना मरीज की पुष्टि हुई है।
झारखंड में आज मिले 27 कोरोना संक्रमित
- रांची : 10
- लातेहार : 05
- सिमडेगा : 03
- गढ़वा : 02
- बोकारो : 02
- पलामू : 01
- गुमला : 01
- खूंटी : 01
- जमशेदपुर : 01
- रामगढ़ : 01
मुम्बई से आए 3 प्रवासी निकले कोरोना पॉजिटिव, सिमडेगा में मरीजों की कुल संख्या हुई 10
सिमडेगा जिले में कोरोना मरीजों के मामले में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार के बाद एक बार फिर सोमवार को तीन नए मरीजों में कोविड-19 पॉजिटिव मिला है। ये सभी मरीज भी मुंबई से आए थे। इन सबों को कोलेबिरा स्थित क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। इधर सूचना मिलते ही उक्त तीनों मरीजों को बीरू अस्पताल में लाने की कवायद जिला प्रशासन के द्वारा किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवकों का सैंपल 21 मई को लिया गया था। जिनका रिपोर्ट सोमवार को आया। इस बाबत पुष्टि करते हुए डीसी मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने बताया कि कोरोना के तीन नए मरीज मिले हैं। जिन्हें कोविड-19 अस्पताल में लाने की कवायद की जा रही है। इधर जिले में लगातार कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा होने से जिलेवासियों की भी चिंता बढ़ा दी है।लोग डरे-सहमे हुए हैं।
विदित हो कि जिले में बाहर से लगातार प्रवासियों का आना लगा हुआ है। प्रशासन की नजर में आने वाले लोगों को क्वारंटाइन अथवा होम क्वारंटाइन किया जा रहा है। लेकिन वे लोग ज्यादा घातक साबित हो सकते हैं, जो चोरी-छुपे जिले में प्रवेश कर रहे हैं। विदित हो कि जिले में अबतक कोरोना के 10 मरीज मिल चुके हैं। जिनमें से 7 विगत 3 दिनों में मिले हैं। वहीं दो लोगों को अस्पताल से तो छुट्टी दे दी गई है।