Shubh Vivah Muhurat 2020: इस साल खूब बजेगी शहनाई, यहां देखें शादी-विवाह के शुभ लग्न
Shubh Vivah Muhurat 2020 शादी विवाह के इच्छुक लोगों के लिए नए साल में लग्न के खूब शुभ मुहूर्त हैं। 14 जनवरी को खरमास बीतने के बाद मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
रांची, [जागरण स्पेशल]। Shubh Vivah Muhurat 2020 14 जनवरी को खरमास बीतने के साथ ही मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। शादी विवाह के इच्छुक लोगों के लिए नए साल में लग्न के खूब शुभ मुहूर्त हैं। गृहस्थ आश्रम में प्रवेश करने वाले जोड़े इस साल अपने मन-मिजाज के हिसाब से समय तक कर शुभ लग्न में मंगल बंधन में बंध सकते हैं। पुरोहितों के मुताबिक जनवरी माह में 15 से 20 जनवरी तक, उसके बाद 26, 29-31 जनवरी तक वैवाहिक रस्मों के लिए शुभ समय है। फरवरी माह में 3, 9, 10, 12, 16, 18, 25, 26 और 27 फरवरी को विवाह का शुभ मुहूर्त है।
मार्च महीने में सिर्फ दो तिथियां विवाह के लिए उत्तम बताई गई हैं। 10 और 11 मार्च को परिणय सूत्र में बंधने के लिए शुभ मुहूर्त हैं। अप्रैल महीने की बात करें तो वैशाख माह के कृष्ण पक्ष द्वादशी, दिन रविवार 19 अप्रैल को दांपत्य जीवन में प्रवेश करने का उत्तम समय है। इस महीने 24, 25, 26 और 27 तारीख को शुभ विवाह के लिए लग्न सर्वोत्तम है। मई महीने, जेठ माह में ब्याह के लिए 2, 4, 6, 8, 11, 17, 18, 23 और 24 मई को विवाह में बंधन में बंधने के लिए शुभ मुहूर्त है।
जून महीने में आषाढ़ कृष्ण पक्ष सप्तमी, दिन शुक्रवार 12 जून को सात जन्मों के रिश्तों के डोर में बंधने वाले जोड़ों के लिए उत्तम समय है। इस महीने 14, 26 और 28 जून को मांगलिक कार्यों के लिए बेहद शुभ बताया गया है।