विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जब कोयले की कालिख के बीच पनपी थी मजदूरों की इंकलाब गाथा, मुठिया प्रथा और कोयलांचल का संघर्ष; नेतृत्व की चुनौतियां

Published: Mon, 09 Nov 2026 10:47 AM (GMT+05:30)

वरिष्ठ राजनेता शिवानंद तिवारी ने 1977 के धनबाद कोयलांचल के मजदूर आंदोलनों का संस्मरण साझा किया है, जिसमें राष्ट्रीयकरण के ...और पढ़ें

शिवानंद तिवारी की कलम से धनबाद कोयलांचल के मजदूर संघर्ष और मुठिया प्रथा की कहानी।

शिवानंद तिवारी की कलम से धनबाद कोयलांचल के मजदूर संघर्ष और मुठिया प्रथा की कहानी।

HighLights

  1. कोयला खदानों के राष्ट्रीयकरण के बाद की गड़बड़ियां उजागर हुईं।

  2. मजदूरों ने 'मुठिया प्रथा' से संगठन और सहायता की।

  3. नेतृत्व विकास और संगठन के बिखराव की मार्मिक दास्तान।

डिजिटल डेस्क, रांची। साल 1977 का दौर, कोयला खदानों के राष्ट्रीयकरण के बाद का काला सच, फर्जीवाड़े के खिलाफ आम मजदूरों की वह बेमिसाल लड़ाई और बस्ती में शुरू हुई अनोखी 'मुठिया प्रथा'। बिहार की राजनीति के शुरुआती दौर में कोयलांचल के मजदूर आंदोलनों के धरातल पर झांकती रोचक कहानी वरिष्ठ राजनेता शिवानंद तिवारी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। 

यह संस्मरण संघर्ष, मानवीय संवेदना और फिर अंत में संगठन के बिखराव की एक मार्मिक दास्तान से रूबरू कराता है। शिवानंद तिवारी के शब्दों में पढ़िए, सिजुआ-धनबाद के मजदूरों के बीच बीते तजुर्बे के कुछ खास दिन।

बिहार में जनता पार्टी की सरकार थी

बात 1977 की है। बिहार में जनता पार्टी की सरकार बन चुकी थी। पता नहीं किस काम से मैं एक दिन एमएलए क्लब गया था। वहां बरामदे से गुजरते हुए मेरी नजर छह-सात लोगों पर पड़ी। उनके कपड़े-लत्ते बिल्कुल मजदूरों जैसे थे। चेहरे भी कोयले की धूल से काले थे। किसी की दाढ़ी बढ़ी हुई थी। उन्हें देखकर मुझे थोड़ा आश्चर्य हुआ। मैंने रुककर पूछा कि आप लोग कौन हैं और कहां से आए हैं?

उन्होंने बताया कि वे धनबाद के सिजुआ इलाके से आए हैं। उनकी शिकायत थी कि जब कोयला खदानों का राष्ट्रीयकरण हुआ, तब बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई। जो लोग वास्तव में निजी कोलियरियों में मजदूर थे, उनमें से कई के नाम पर दूसरे लोग (जिनमें ऊंची जातियों के लोग भी शामिल थे) भुइयां और मुसहर बनकर पैसे और लेन-देन के जरिए नौकरी पा गए।

ये लोग इसी अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे। उनकी मांग थी कि जिन लोगों ने असली मजदूरों की जगह गलत तरीके से नौकरी हासिल की है, उन्हें हटाया जाए और असली मजदूरों को उनका हक मिले। उनकी बातें सुनकर मैं प्रभावित हुआ। उस समय कर्पूरी ठाकुर जी की सरकार थी और शमशेर जंग बहादुर जी श्रम मंत्री थे।

मैं उन लोगों को अपनी जीप पर बैठाकर शमशेर बाबू के यहां ले गया। शमशेर बाबू खुद मजदूर संगठनों की राजनीति से जुड़े रहे थे। उन्होंने उनकी बात ध्यान से सुनी और कहा कि वे एक निश्चित तारीख को धनबाद जाने वाले हैं, वहाँ उनसे मिलिएगा।

मंत्री जी तय तारीख को धनबाद गए। मंत्री के दौरे में स्वागत-सत्कार की काफी आपाधापी रहती है, लेकिन उन्हें इन मजदूरों की बात याद थी। उन्होंने उन्हें बुलाया और बातचीत की। इसके बाद कोलियरियों के अधिकारियों से पूछताछ हुई।

इसका नतीजा यह निकला कि चार-पांच ऐसे लोगों को नौकरी से हटाया गया, जिन्होंने अपना असली नाम छिपाकर दूसरे नाम से नौकरी हासिल की थी। उनकी जगह कुछ असली मजदूरों की नियुक्ति भी हुई। इस छोटी-सी सफलता से उन लोगों का हौसला बढ़ा।

बाद में उन लोगों ने मुझसे कहा कि आप हमारे इलाके में चलिए और अपनी आंखों से देखिए कि वहां क्या हो रहा है। मैं उनके साथ सिजुआ गया। वहां मजदूरों ने अपने संगठन की कहानी सुनाई। यह कहानी मुझे आज भी याद है।

मजदूरों को 1974 के जयप्रकाश आंदोलन के साथ जोड़ा

वहां के.बी. सहाय नाम के एक स्थानीय नेता थे, जो सिजुआ में रहते थे। उन्होंने ही उन मजदूरों को 1974 के जयप्रकाश आंदोलन के साथ जोड़ा था। आंदोलन के दौरान सहाय जी जेल चले गए थे। उनके जेल जाने के बाद उन मजदूरों के सामने दो बड़ी चुनौतियां आ गईं।

पहली तो यह कि सहाय जी के परिवार का भोजन-भात कैसे चलेगा! साथ ही, उन्होंने यह भी तय किया कि संगठन का काम भी रुकना नहीं चाहिए। उनकी बैठक में दो अहम फैसले हुए:

1. सहाय जी के बाद संगठन का नेतृत्व मजदूरों के बीच से ही किसी व्यक्ति को दिया जाए।
2. घर-घर से 'मुठिया' (यानी भोजन बनाने वाले अन्न से एक मुट्ठी अन्न निकालकर) इकट्ठा किया जाए और इससे जो राशि आएगी, उससे सहाय जी के परिवार की सहायता की जाएगी।

'मुठिया प्रथा' शुरू कर दी गई और उसका तेजी से विस्तार हुआ। मुठिया प्रथा का बहुत सकारात्मक परिणाम निकला। पहला तो यह कि सहाय जी के परिवार को उनकी गैरमौजूदगी में किसी तरह की तकलीफ नहीं होने दी गई। दूसरा, उन लोगों ने बताया कि उसी के जरिए मिली राशि से उन्होंने एक अनाथ लड़की की शादी और एक लावारिस मृत व्यक्ति का दाह-संस्कार किया।

अब अगली चुनौती यह थी कि संगठन को कैसे बचाया और मजबूत किया जाए और नेतृत्व कौन संभाले? नेतृत्व करने वाले व्यक्ति को भाषण देना भी आना चाहिए। इसके लिए उन्होंने विजय भर को चुना।

विजय भर का संकोच दूर हो और वे लोगों के सामने अपनी बात रख सकें, इसके लिए चार-पांच साथी उन्हें जंगल में ले जाते थे और वहाँ खड़ा करके भाषण का अभ्यास करवाते थे। विजय भर आजमगढ़ जिले के रहने वाले थे, और मैं उनके गाँव भी गया हूं।

यह सब सुनकर मुझे बहुत अच्छा लगा। एक तरफ मजदूर अपने हक की लड़ाई लड़ रहे थे और दूसरी तरफ अपने समाज की छोटी-बड़ी जरूरतों का भी पूरा ख्याल रख रहे थे। उन लोगों में कई ऐसे साथी थे जिन्हें मैं आज भी याद करता हूं। एक साधु थे—साधु भुइयां, जिनका पूरा नाम मुझे याद नहीं है।

लंबी जटा वाले साधु जी बिल्कुल निरक्षर थे, लेकिन उनके भीतर गजब की समझ और मजबूती थी। मुझे लगता है कि वे संगठन की रीढ़ की तरह थे; संगठन को टिकाए रखने में उनकी बड़ी भूमिका थी। मतलू भुइयां थे—थोड़े मोटे-ताजे और बहुत हंसमुख। राजेंद्र पासी थे, विजय भर थे और भी कई साथी थे।

युधिष्ठिर महतो के नाम पर एक कच्ची झोपड़ी का स्मारक

अपनी बस्ती में उन लोगों ने युधिष्ठिर महतो के नाम पर एक कच्ची झोपड़ी का स्मारक भी बनाया था, जो उनका दफ्तर भी था और बैठक करने की जगह भी। युधिष्ठिर महतो से मेरी मुलाकात 1974 के आंदोलन के दौरान पहले भी हो चुकी थी। वे बहुत तेज और समझदार युवा थे। महतो समाज में इतने अच्छे ढंग से सोचने-समझने वाले लोग उन दिनों कम ही मिलते थे।

एक बार किसी मामले को लेकर वे लोग एसपी से मिलने गए थे। उस समय मैकू राम जी एसपी थे। बातचीत के दौरान बात बढ़ गई और एसपी ने युधिष्ठिर के साथ मारपीट कर दी। इस घटना को लेकर हम लोगों ने काफी लिखा-पढ़ी की। उस समय कर्पूरी जी की सरकार थी।

आखिरकार एसपी के स्थानांतरण के लिए मैंने बेली रोड पर तंबू लगाकर भूख हड़ताल शुरू कर दी। मेरे साथ उसी इलाके के नेता प्रदीप बनर्जी भी बैठे। चौथे या पांचवें दिन एसपी का वहाँ से तबादला हो गया। यह हम लोगों की एक छोटी-सी जीत थी।

इसके बाद युधिष्ठिर का हमारे यहां और हमारा धनबाद आना-जाना बढ़ गया। युधिष्ठिर अक्सर एक बात बताते थे। वे कहते थे कि आपके यहां के भोजपुरिया लोग जब बोलते हैं—“का हो, का हाल बा?”—तो हम लोगों का पानी सूखने लगता था। उनका कहना था कि उस आवाज में ऐसी दबंगई होती थी कि यहां के सीधे-साधे लोग दब जाते थे।

बाद में एक दुर्घटना में युधिष्ठिर महतो की मृत्यु हो गई। वे मोटरसाइकिल पर तीन लोगों के साथ जा रहे थे और बीच में बैठे थे। पता नहीं कैसे दुर्घटना में सिर्फ उनकी मृत्यु हुई और बाकी दोनों लोगों को मामूली चोटें आईं।

सिजुआ के मजदूरों के बीच आने-जाने से मुझे वहां की बहुत-सी बातें जानने का मौका मिला। समझ में आया कि मजदूरों के साथ कितनी गड़बड़ी और अन्याय हुआ था। अलग-अलग मोहल्लों और टोलों में हमारी बैठकें होने लगीं।

मेरी एक आदत रही है कि बड़े लोगों के यहां जाने के बजाय मैं उन लोगों के बीच रहना पसंद करता हूं, जिनके बीच काम कर रहा हूं। इसलिए मजदूरों की बस्तियों में ही रुकता था—कभी पांच दिन, तो कभी सात दिन तक वहीं रहना होता था। अक्सर शरीर में ‘अठगोडवा’ (खुजली या चर्म रोग) पकड़ लेता था और वह बहुत नोचता था।

धीरे-धीरे वहां लोहिया विचार मंच का एक मजबूत संगठन खड़ा हो गया। किशन पटनायक जी का शिविर भी लगा। उन शिविरों में सहाय जी भी सक्रिय रहते थे। किशन जी तो उन्हीं के घर में मेहमान होते थे।

1980 में बंगलौर में लोहिया विचार मंच का एक राष्ट्रीय सम्मेलन हुआ। उसी सम्मेलन में लोहिया विचार मंच को राजनीतिक रूप दिया गया, संगठन का नाम 'समता संगठन' रखा गया और मुझे उसका राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया। उस सम्मेलन के संयोजक नंजुंडा स्वामी जी थे, जो वहां एक लॉ कॉलेज के प्राचार्य थे और कर्नाटक में किसानों को संगठित करने में सक्रिय थे।

दलित संघर्ष समिति के युवा कार्यकर्ताओं से परिचय

कर्नाटक में वे किसानों के बड़े नेता थे। उनकी मान्यता थी कि किसान अपने खेतों में अनाज उगाता है, इसलिए खाद और बीज पर उसी का अधिकार होना चाहिए। वे बीज का अंतरराष्ट्रीय व्यापार करने वाली कारगिल जैसी कंपनियों के घोर विरोधी थे।

उसी सम्मेलन में हासन वगैरह के इलाके के ‘दलित संघर्ष समिति’ के युवा कार्यकर्ताओं से परिचय हुआ। वे लोग बहुत शानदार काम कर रहे थे। अलग-अलग जातियों में बिखरे दलितों को एक साथ जोड़ने का अभियान चला रहे थे।

बगैर जातिगत भेदभाव के, एक-दूसरे के बीच शादी-विवाह के जरिए वे अलगाव को पाटकर उन्हें एकजुट करने में जुटे थे। उनकी टोली बहुत खुशमिजाज और उत्साही थी। सम्मेलन में उन्होंने दलितों की हालत पर एक नाटक भी प्रस्तुत किया था।

लेकिन समता संगठन चुनाव लड़ने वाला संगठन नहीं होगा, यह भी फैसला लिया गया था। इन व्यस्तताओं की वजह से मेरा धनबाद आना-जाना कम हो गया और संगठन के दूसरे काम भी बढ़ गए। समता संगठन की जमीनी सक्रियता मेरे राजनीतिक जीवन का सबसे सुनहरा काल था।
हालाँकि, समता संगठन से अलग होकर मैं 1985 में शाहपुर विधानसभा से अपने जीवन का पहला चुनाव लड़ गया।

इसके चलते सिजुआ के संगठन से मेरा संपर्क लगभग टूट गया। एक मर्तबा धनबाद जाना हुआ, तो उत्सुकता से सिजुआ बस्ती चला गया। वहाँ जो कुछ देखा, उससे मुझे बहुत पीड़ा हुई। विजय भर शराब के नशे में धुत थे और मुझसे गाली-गलौज करने लगे। मुझे विश्वास ही नहीं हुआ कि जिस आदमी को हमने इतनी मेहनत से आगे बढ़ाया था, उसकी यह हालत कैसे हो गई!

इस संगठन के टूटने के पीछे एक बड़ी वजह मैं के.बी. सहाय जी को मानता हूं। जब वे जेल से छूटकर आए, तो उन्होंने देखा कि मजदूरों के बीच से कई नए लोग आगे आ रहे हैं। मजदूर उन्हें अपना नेता मानने लगे थे। संगठन में आम मजदूरों की अपनी पहचान और लोकप्रियता भी बढ़ रही थी। शायद वे इसे पचा नहीं पाए।

सबसे पहले उन्होंने ‘मुठिया व्यवस्था’ को यह कहकर समाप्त करवा दिया कि "अब मैं जेल से बाहर आ चुका हूं, अब इसकी जरूरत नहीं है।"
मुठिया प्रथा का तेजी से विस्तार हो रहा था, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में मजदूरों के बीच जो नेतृत्व विकसित हो रहा था, उसकी भ्रूण-हत्या हो गई।

सहाय जी भूल गए कि जो कुछ हो रहा है, उसका बीजारोपण तो उन्होंने ही किया था। यह कहा जा सकता है कि एक तरह से उन्होंने अपनी ही पैदाइश और एक अनोखे प्रयोग का गला घोट दिया।
(नोट- शिवानंद तिवारी के फेसबुक पोस्ट पर आधारित स्टोरी)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।