कोचांग में पांच युवतियों से सामूहिक दुष्कर्म मामले में केंद्र को भेजी रिपोर्ट
कोचांग में मानव तस्करी के विरुद्ध नुक्कड़ नाटक करने गई पांच युवतियों से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में झारखंड सरकार ने केंद्र सरकार को रिपोर्ट भेज दी है।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के खूंटी जिले के कोचांग में मानव तस्करी के विरुद्ध नुक्कड़ नाटक करने गई पांच युवतियों से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में झारखंड सरकार ने केंद्र सरकार को रिपोर्ट भेज दी है। शुक्रवार को गृह विभाग से रिपोर्ट की कॉपी पुलिस मुख्यालय को भी भेजी गई है। रिपोर्ट में घटना का वृतांत व उस पर की गई पुलिसिया कार्रवाई का जिक्र है। पीड़ित महिलाओं की काउंसिलिंग व उनके प्रति पुलिस की संवेदनशीलता का भी जिक्र किया गया है। रिपोर्ट में 19 जून की इस घटना के बाद से अब तक की पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से संबंधित पूरी रिपोर्ट है।
मुख्य साजिशकर्ता है जॉन जुनास तिड़ कोचांग में पांच युवतियों से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पत्थलगड़ी का स्वयंभू नेता जॉन जुनास तिड़ मुख्य साजिशकर्ता है। अब तक गिरफ्तार सभी अभियुक्तों ने स्वीकारोक्ति बयान में इसका खुलासा किया है। अभियुक्तों के अनुसार 19 जून की सुबह जॉन जुनास तिड़ ने ही जंगल में पीएलएफआइ के एरिया कमांडर बाजी समद उर्फ टकला व नोएल सांडी पूर्ति को नुक्कड़ नाटक के बारे में जानकारी दी थी। उस वक्त अजूब सांडी पूर्ति, आशीष लोंबो जुनास मुंडू व एक अन्य युवक बच्चा भी मौजूद था। जॉन जुनास तिड़ ने ही उग्रवादियों, अपराधियों व पत्थलगड़ी समर्थकों को बताया कि नुक्कड़ नाटक करने वाले पुलिस-प्रशासन के जासूस हैं और पत्थलगड़ी विरोधी हैं। उसने ही कहा था कि नुक्कड़ नाटक करने वालों का अपहरण कर ऐसा सबक सिखाएं कि वे दोबारा इस इलाके में आने के पहले सोचें। जॉन जुनास तिड़ ने ही अपराधियों को बताया कि नुक्कड़ नाटक करने वाले आरसी मिशन स्कूल में जाने वाले हैं। इसके बाद ही उक्त अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आशीष लोंबो व अजूब सांडी पूर्ति ने पुलिस को बताया कि जॉन जुनास तिड़ के कहने पर ही वे दोनों तथा नोएल सांडी पूर्ति, बाजी समद उर्फ टकला, जुनास मुंडू व बच्चा आरसी मिशन स्कूल पहुंचे और नुक्कड़ नाटक बंद करवा दिया। नोएल सांडी पूर्ति व बाजी समद टकला स्कूल के फादर अल्फोंस आइंद से बातचीत की और फिर नुक्कड़ नाटक कर्मियों को उन्हीं की गाड़ी से लेकर जाने लगे। फादर ने भी सभी कर्मियों से कहा कि वे दो घंटे के लिए उनके साथ चले जाएं। कर्मी युवक-युवतियां गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन उनकी एक न सुनी गई। फादर ने टीम की दो ननों को जाने से रोक दिया था।
रिपोर्ट में गिरफ्तार व फरार अभियुक्तों की जानकारी
दुष्कर्म में शामिल
अजूब सांडी पूर्ति : लडाउली, थाना बंदगांव, पश्चिमी सिंहभूम। वर्तमान में गिरफ्तारी के बाद जेल में बंद है। आशीष लोंगो : बुड़ुमकेल, थाना सोनुआ, जिला पश्चिमी सिंहभूम। वर्तमान में गिरफ्तारी के बाद जेल में है। बाजी समद उर्फ टकला : लुदुबेड़ा, थाना कुचाई, जिला सरायकेला। चाईबासा से पकड़ा गया था।
नोएल सांडी पूर्ति : लड़ाउली, थाना बंदगांव, पश्चिमी सिंहभूम। अभी फरार है।
बच्चा उर्फ पावर मुंडा : अभी फरार है।
जुनास मुंडू : कुरुंगा, थाना अड़की, जिला खूंटी। वर्तमान में जेल में है।
मुख्य साजिशकर्ता पत्थलगड़ी का स्वयंभू नेता
जॉन जुनास तिड़ : कुरुंगा, थाना अड़की, जिला खूंटी। गिरफ्तारी के बाद से ही जेल में है।
अपराधियों का मददगार
फादर अल्फोंस आइंद : ग्राम लापा, थाना कर्रा, जिला खूंटी। वर्तमान में आरसी चर्च कोचांग का प्रभारी है और जेल में बंद है।