रांची के 38 हजार प्री मैट्रिक विद्यार्थियों को नहीं मिली छात्रवृति, बैंक खाते से आधार नंबर जल्द कराएं लिंक
Scholarship Jharkhand Bank Account Aadhaar Link रांची जिला के कक्षा एक से दसवीं तक विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित हैं। छात्रवृत्ति पिछले साल नहीं मिली। इस वर्ष भी इसी समस्या से गुजरना होगा। प्री मैट्रिक विद्यार्थियों के संग यह समस्या हो रही है।
रांची, जासं। रांची जिला के स्कूलों में पहली से दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को कल्याण विभाग की ओर से छात्रवृत्ति दी जाती है। छात्रवृत्ति एससी, एसटी और ओबीसी विद्यार्थियों को दी जाती है। लेकिन 38 हजार ऐसे भी छात्र हैं, जिन्हें छात्रवृत्ति नहीं मिल सकी। पिछले वित्तीय वर्ष में इन सभी विद्यार्थियों के बैंक खाते आधार कार्ड की संख्या से लिंक नहीं थे। इसलिए विभाग से मिलने वाली छात्रवृति का भुगतान नहीं हो सका। खाते में राशि भेजने के बावजूद पैसा वापस लौटकर चला गया।
इस वर्ष भी कुछ इसी समस्या से कल्याण विभाग को गुजरना पड़ेगा। शिक्षा विभाग द्वारा धीरे-धीरे विद्यार्थियों की सूची कल्याण विभाग को उपलब्ध कराई जा रही है। यही हाल पोस्ट मैट्रिक के विद्यार्थियों के साथ देखने को मिल रही है। इसमें कई विद्यार्थियों का बैंक खाता आधार से लिंक नहीं होने के कारण उन्हें छात्रवृत्ति नहीं मिल पा रही है। आधार से बैंक खाते की सीडिंग मैपिंग नहीं होने के कारण छात्रवृत्ति राशि का हस्तांतरण नहीं हो पाया है।
विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति एवं साइकिल की राशि का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से किया जाता है। जिला कल्याण पदाधिकारी ने प्राचार्य को बैंक से संपर्क कर अपने स्कूल के विद्यार्थियों का बैंक खाता आधार के साथ लिंक कराने के लिए कहा है। इस संबंध में स्कूल के विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने बच्चों का बैंक खाता आधार से लिंक जरूर कराएं, क्योंकि आधार के ही माध्यम से खाते में राशि डाली जाती है।
वहीं, कुछ विद्यार्थियों के खाते में छात्रवृत्ति की राशि नहीं पहुंचने पर वह जिला कल्याण कार्यालय पहुंच जाते हैं। यहां उन्हें बताया जाता है कि आधार लिंक नहीं होने के कारण यह समस्या हो रही है। किसी भी प्रकार की समस्या के निदान के लिए संबंधित प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया, रांची जिला से संपर्क करने के लिए भी कहा गया है।