62 के बदले 60 साल में ही रिटायर किए जा रहे सैप के अधिकारी Ranchi News
गृह विभाग के संकल्प के अनुसार 62 वर्ष तक सेवा निर्धारित है। इसको लेकर झारखंड एक्स सर्विसमैन वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार को पत्र लिख कर कार्रवाई की मांग की है।
रांची, राज्य ब्यूरो। भूतपूर्व सैनिकों, सेना के पदाधिकारियों के लिए सृजित स्पेशल अक्जिलियरी पुलिस (सैप) में पदाधिकारी अब 60 साल में ही सेवानिवृत्त किए जा रहे हैं। जबकि, झारखंड सरकार के संकल्प के अनुसार सैप के पदाधिकारी 62 साल तक नौकरी करेंगे। यह जानकारी झारखंड एक्स सर्विसमैन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल बीएन दुबे ने दी है।
उन्होंने इससे संबंधित पत्राचार गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को भी किया है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि सैप वन व सैप टू में पदस्थापित पदाधिकारी व पुलिसकर्मियों को सैप वन व सैप टू के समादेष्टा जबरन 60 साल में सेवानिवृत्ति दे रहे हैं। उन्होंने गृह विभाग के 18 मार्च 2016 के संकल्प का हवाला दिया है, जिसमें सैप में भर्ती के लिए पुलिस-हवलदार का उम्र 35 से 55 वर्ष तथा पदाधिकारी का उम्र 58 से 62 वर्ष निर्धारित है।
सेवानिवृत्त कर्नल बीएन दुबे ने पूर्व में भी गृह विभाग को इस संबंध में शिकायत की थी। उनकी शिकायत के आलोक में गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय से जवाब मांगा था, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिल सका है। सैप में बहाल पदाधिकारी व जवानों के साथ अन्याय हो रहा है।