Dhanteras 2019: धनतेरस पर झारखंड में 3000 करोड़ का कारोबार, ऑटो-ज्वेलरी में धन बरसा
रांची में 900 करोड़ धनबाद में 400 करोड़ और जमशेदपुर में 370 करोड़ की खरीद-बिक्री हुई।
रांची, जेएनएन। धनतेरस के मौके पर बाजार में जमकर धन की बरसात हुई। पूरे राज्य में इस मौके पर 3000 करोड़ का कारोबार हुआ। बारिश के कारण पिछले दो दिनों से सहमा बाजार शुक्रवार को खरीदारों से गुलजार रहा। मौसम ने थोड़ा साथ दिया। हालांकि हल्की बरसात भी रुक-रुक कर और रह-रह कर होती रही। बारिश की भीनी फुहारों के बीच लोगों ने जमकर खरीदारी की।
खरीदारों की सबसे ज्यादा भीड़ वाहन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान और बर्तन की दुकानों पर उमड़ी। कई दिन पहले से आज के दिन की खरीदारी के लिए बुकिंग करा चुके लोगों का हुजूम बाजार में उमड़ा तो फिर दुकानदारों को सर उठाने की फुर्सत नहीं मिली। इस दौरान जगह-जगह जाम की भी स्थिति रही। बाजार सूत्रों के अनुसार मकान, कार, बाइक, गहने, टीवी, फ्रिज, स्मार्ट फोन, और बर्तनों की जमकर हुई खरीदारी के बीच पूरे राज्य में धनतेरस के कारोबार का आंकड़ा 3000 करोड़ के पार रहे।
रांची में जहां 900 करोड़ का कारोबार हुआ। वहीं धनबाद में 400 करोड़ और जमशेदपुर में 370 करोड़ की खरीद-बिक्री हुई। इसमें सबसे ज्यादा हिस्सेदारी महंगे वाहन बाजार की रही। देर रात तक लोग खरीदारी करते देखे गए।