पलामू में 13 करोड़ का घोटाला, नाजिर गया जेल; फर्जी निकासी मामले में 7 पर FIR Palamu News
बैंक के फर्जी चेक पर विशेष भू अर्जन अधिकारी ने राशि निकाली। पलामू के उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरी के मुताबिक इस घोटाले में बहुत बड़े षड्यंत्र की आशंका है। जांच की जा रही है।
मेदनीनगर(पलामू), जेएनएन। पलामू में 13 करोड़ का घोटाला सामने आया है। विशेष भू अर्जन कार्यालय में 13 करोड़ का घोटाला का मामला उजागर होते ही पलामू के उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरी त्वरित कार्रवाई की। भू अर्जन विभाग के नाजिर को अपने कक्ष में बुलवाया और शहर थाना के हवाले कर दिया। इसके बाद विशेष भू अर्जन के उप समाहर्ता ने शहर थाना में एफआइआर दर्ज कराई।
इसमें वर्तमान नाजिर रमाशंकर सिंह उर्फ रविशंकर, तत्कालीन विशेष भू अर्जन पदाधिकारी बंका राम ,स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कचहरी शाखा के पूर्व मैनेजर,फर्जी संस्थान शीतल कंस्ट्रक्शन व फर्जी निकासी करने वाला चंदूलाल पटेल समेत कुल सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया। इस घोटाले में और भी लोगों का नाम जुड़ सकता है, जो अनुसंधान के बाद स्पष्ट होगा।
यह घोटाला वर्ष 2018 में प्रकाश में आया था। जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 में विशेष भू अर्जन विभाग के नाम से एसबीआइ में चल रहे खाते के चेक से शीतल कंस्ट्रक्शन ने एक बार में 4 करोड़ 20 लाख की निकासी की थी। दूसरी फर्जी निकासी संबंधित विभाग के खाते के चेक से चंदूलाल पटेल ने 8 करोड़ 40 लाख रुपये की निकासी की। इस तरह एक दिन में कुल 12करोड़ 60लाख की अवैध निकासी करके सरकार को चूना लगाया।
इस मामले में ध्यान देनेवाली बात यह है कि बैंक के फर्जी चेक पर विशेष भू अर्जन अधिकारी ने राशि निकाली। कुल मिलाकर इस घोटाले में बहुत बड़े षड्यंत्र होने का अनुमान है। इस संबंध में पलामू के उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरी ने बताया कि घोटाले के मामले में भू अर्जन विभाग के नाजिर को जेल भेज दिया गया है। घोटाले में शामिल संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।