Run For Unity: युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा की ओर प्रोत्साहित करने के लिए दौड़ा लोहरदगा
Jharkhand Lohardaga News शहर के कचहरी मोड़ से लेकर समाहरणालय मैदान तक रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। रन फॉर यूनिटी में शामिल आम और खास लोगों ने शहीद पुलिसकर्मियों के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
लोहरदगा, जासं। झारखंड के लोहरदगा में जिला व पुलिस प्रशासन के तत्वावधान में गुरुवार को शहरी क्षेत्र में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इसमें जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों के कर्मचारी और काफी संख्या में युवा शामिल हुए। रन फॉर यूनिटी में शामिल आम और खास लोगों ने शहीद पुलिसकॢमयों के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया। शहर के कचहरी मोड़ से शुरू हुई रन फॉर यूनिटी का समापन समाहरणालय मैदान में हुआ।
यहां पर सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो, एसपी प्रियंका मीना सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सफल प्रतिभागियों और युवाओं का उत्साह बढ़ाया गया। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि रन फॉर यूनिटी एक सांकेतिक दौड़ है। इसका उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा की ओर प्रोत्साहित करना है। हमारे शहीद जवानों ने समाज को एक दिशा देने का काम किया था।
उनके अधूरे सपनों को पूरा करना समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। एसपी प्रियंका मीना ने कहा कि युवा सही सोच और सही दिशा में कदम बढ़ाएं तो हमारा देश विकास के पथ पर अग्रसर हो सकता है। सहज और आरामदायक रास्ता हमेशा अपराध की ओर ले जाता है। युवाओं को अपराध से दूर रहने की जरूरत है। क्योंकि युवाओं पर ही देश व राज्य का भविष्य निर्भर करता है। रन फॉर यूनिटी में काफी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।