Pulwama Terror Attack: डांस फेस्ट पर सेंट जेवियर में हंगामा, लगे शर्म करो के नारे
Ruckus in saint Xavier college Ranchi. पुलवामा में बड़ी शहादत को लेकर हिंदू युवा संगठनों ने सेंट जेवियर कॉलेज के डांस फेस्ट में हंगामा किया।
रांची, जासं। राजधानी के सेंट जेवियर कॉलेज में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। यहां हिंदू युवा संगठन से जुड़े लोगों ने पुलवामा में बड़ी शहादत के बाद भी डांस फेस्ट के आयोजन पर कड़ी आपत्ति जताते हुए खूब नारेबाजी की। सेंट जेवियर कॉलेज में जेवियर उत्सव 2019 का आयोजन किया गया है। हंगामे के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। डीएसपी ने उग्र और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया है।
बताया गया कि सेंट जेवियर कॉलेज में सुबह उत्सव शुरू होते ही मुख्य द्वार पर लोग जुटने लगे। उनका कहना था कि सारा देश अपने वीर सपूतों की शहादत से गमगीन है, ऐसे में यह उत्सव कहीं से भी जायज नहीं है। छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए यहां प्राचार्य को बुलाए जाने और उत्सव को रोके जाने की मांग की। शहीदों के सम्मान में कार्यक्रम स्थगित करने पर अड़े छात्रों ने कहा कि समारोह नहीं चलने देंगे। सेंट जेवियर हाय-हाय, जेवियर के छात्रों शर्म करो आदि नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों का हुजूम बेहद आक्रोशित था।
बाद में सेंट जेवियर कॉलेज के प्राचार्य इमैनुअल बारला ने कहा कि लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम बंद करा दिए हैं। यहां अकादमिक गतिविधियां चलती रहेंगी। इसके तहत डिबेट, क्विज जैसे आयोजन होंगे। अब डांस नही होगा। बता दें कि 16 फरवरी से ही यह आयोजन होना था, जिसे पुलवामा टेरर अटैक के बाद आगे बढ़ाया गया था।