Lockdown Update: आरपीएन सिंह बोले, खास लोग दिल्ली से झारखंड आ सकते हैं तो आम क्यों नहीं
Lockdown Update. प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने सभी विधायकों सांसदों से वीडियो कांफ्रेंसिंग से बात की। मंत्रियों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन विधायकों से बात कर उनकी समस्या भी सुनें।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी आरपीएन सिंह ने प्रदेश में कांग्रेस कोटे से चारों मंत्री, सभी विधायकों और सांसदों से दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के हालात पर चर्चा की। इस दौरान दूसरे राज्यों में बड़ी संख्या में फंसे लोगों को लेकर आरपीएन ने टिप्पणी की कि जब कोई खास व्यक्ति दिल्ली से रांची का सफर कर सकता है तो आम लोगों को केंद्र अनुमति क्यों नहीं दे रहा। उनका इशारा भाजपा के दो सांसदों की ओर था।
इस दौरान उन्होंने सभी मंत्रियों को दिन में कम से कम एक बार पार्टी विधायकों से संपर्क कर उनके सुझावों पर अमल करने का निर्देश दिया। आरपीएन सिंह ने कहा कि झारखंड के कई प्रवासी श्रमिक और छात्र-छात्राएं दूसरे राज्यों में फंसे है, इन्हें वापस लाने को लेकर आज भी केंद्र सरकार से बात की गई, लेकिन केंद्र सरकार ने अनुमति देने से इन्कार कर दिया है। हम देश भर के अप्रवासी लोगों को उनके मूल प्रदेशों में ले जाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब किसी खास व्यक्ति को दिल्ली से आने की अनुमति दी जा सकती है, तो केंद्र सरकार को यह भी बताना चाहिए कि वे ऐसी कौन सी दवा खाकर वापस लौटे है, आम लोगों को भी आने की अनुमति क्यों नहीं दी जा सकती। उन्होंने विधायकों से कहा कि वे सिर्फ अपने क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्र में रहने वाले निर्धन और जरुरतमंद परिवार को कैसे मदद मिलें, इस दिशा में प्रयास करें। मौके पर डा. रामेश्वर उरांव ने राज्य की रिपोर्ट दी।
इस बीच ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि विभाग की ओर से सभी पंचायतों में दीदी किचन के माध्यम से लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। सोमवार से राज्यभर में मनरेगा का काम शुरू हो जाएगा। आरपीएन सिंह ने गर्मी के मद्देनजर सभी पंचायतों में एक-एक चापाकल की व्यवस्था करने को लेकर भी आवश्यक पहल करने का सुझाव दिया। कृषि मंत्री बादल ने कहा कि किसानों स गेहूं की खरीद के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। सूखाग्रस्त 55 जिलों में किसानों को राहत देने के लिए कदम उठाये जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि राज्य में 4690 कोरोना टेस्ट हो चुके है। एन-95 मास्क और अन्य उपकरणों की मांग केंद्र सरकार से की गई है।राज्य में उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त कदम उठाए गए हैं। संताल परगना प्रमंडल और आदिवासी बहुल इलाके के लिए क्राइसिस मैनेजमेंट के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि संताल में लैब की स्थापना होने तक वहां से ब्लड सैंपल मंगा कर जांच रिपोर्ट भेजी जा रही है। सांसद गीता कोड़ा और धीरज साहू के अलावा कई विधायक मौके पर मौजूद थे।
कांग्रेस के मंत्री अफसर सरीखा कर रहे व्यवहार : इरफान
जामताड़ा से कांग्रेस के विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने दावा किया है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में राज्य के मंत्रियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कोटे के मंत्रियों का व्यवहार अफसरों जैसा हो गया है। वे जनता से कट गए हैं। वे पार्टी के विधायकों से भी विचार-विमर्श नहीं करते। लगातार एक समुदाय को टारगेट किया जा रहा है, लेकिन मंत्री सामने आकर बोलने का साहस नहीं जुटा रहे हैं। सिर्फ संदेह के कारण सरकारी अफसरों ने एक मंत्री हाजी हुसैन अंसारी को 14 दिन के लिए सपरिवार क्वारंटाइन, लेकिन दो भाजपा सांसद सड़क मार्ग से दिल्ली से आ गए और सरकार ने उन्हें खुला घूमने के लिए छोड़ रखा है।