राउरकेला से गया जा रही बस का ब्रेक फेल, तीखे मोड़ पर पेड़ से टकराई Gumla News
Jharkhand. गुमला में सुबह आठ बजे बस पेड़ से जा टकराई। इस घटना में कई यात्री घायल हो गए। इलाज पालकोट स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।
गुमला, जासं। गुमला जिले के पालकोट के करंज मोड़ के समीप मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बस पेड़ से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए। बस राउरकेला से गया जा रही थी। पालकोट प्रखंड के नेशनल हाइवे पर पालकोट के करंज मोड़ के समीप यात्री बस अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में दर्जनों लोग घायल जो गए। उनका इलाज पालकोट स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।
सभी को मामूली चोटें आई है। जानकारी के अनुसार जयबाला नामक यात्री बस राउरकेला से गया जा रही थी। बस में लगभग 40 यात्री सवारी थे। बस जैसे ही पालकोट के करंज मोड़ के समीप पहुंची, चालक वाहन से अपना संतुलन खो बैठा और गाड़ी एक पेड़ से जा टकरा गई। घटना सुबह 8 बजे की है। इसमें बस में सवार नेहारी मिंज 20 वर्ष, नरेश उरांव 22 वर्ष, दिव्याणी सोरेंग 40 वर्ष, रेणु सोरेंग 40 वर्ष घायल हो गए।
उन्हें 108 एंबुलेंस से पालकोट स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बाकी यात्रियों को हल्की चोटें आई थी। वे दूसरी बस से अपने गंतव्य को रवाना हो गए। चालक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि बस में खराबी आ गई थी। अचानक ब्रेक लगने वाला पाइप फट गया और ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद बस असंतुलित हो गई। बता दें कि घटनास्थल पर तीखा मोड़ है। घटना के सूचना मिलने के आस पास के लोग जुट गए और घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। मौके पर पालकोट पुलिस भी पहुंची और अन्य सभी सवारों को दूसरी बस से भेजा।