रांची में परिवार को बंधक बना फॉरेस्ट अफसर के घर लाखों की लूट
Robbery in Ranchi. चुटिया थाना क्षेत्र के अनंतपुर में चार लुटेरों ने सुबह तीन बजे हथियार के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर रिटायर प्रधान मुख्य वन संरक्षक के घर लूट-पाट की।
रांची, राज्य ब्यूरो। राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के अनंतपुर थर्ड स्ट्रीट निवासी सेवानिवृत्त वन अधिकारी के घर शनिवार को लाखों की लूट हो गई। हथियार के बल पर 4 अपराधियों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर इस घटना को अंजाम दिया। वन अधिकारी डॉक्टर दीपक घोष हैं जो सेवानिवृत्त हैं। घोष एनक्लेव में घटी यह घटना शनिवार भोर 3 से 4:15 बजे के बीच की है।
दो पिस्टल और दो चाकू से लैस चार लुटेरों ने करीब 10 लाख की संपत्ति लूट ली और चलते बने। घटना के वक़्त घर में सेवानिवृत्त वन अधिकारी डॉक्टर दीपक घोष के अलावा बेटाकौशिक घोष ही मौजूद थे। घोष परिवार के अनुसार अपराधियों ने घर से ₹280000 नगद, 5 लाख के जेवरात, दो लैपटॉप, दो डीएसएलआर कैमरा, वुडलैंड के जूते आदि लूट लिए हैं।
बताया जा रहा है कि लुटेरे शनिवार की भोर में करीब 3 बजे खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में घुसे। इस बीच परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बनाकर लुटेरों ने करीब एक घंटे तक लूट-पाट की। चाराें अपराधी सारा समान लूटकर सुबह 4.15 में वहां से निकल भागे। डकैतों के जाने के बाद 4.20 बजे घर मालिक ने पीसीआर को फोन कर डकैती की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की तहकीकात कर रही है। डॉ दीपक घोष कोलकाता से प्रधान मुख्य वन संरक्षक के पद से रिटायर हुए हैं।