यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Crime: रामगढ़ के कुजू में वाहन व्यवसायी के आवास में डकैती, नकदी समेत लाखों के सामान ले गए
Jharkhand Crime कुजू स्थित वाहन व्यवसायी शिवा प्रसाद के आवास में 10-12 की संख्या में पहुंचे नकाबपोश हथियार बंद अपराधियों ...और पढ़ें

कुजू(रामगढ़), जासं। कुजू ओपी क्षेत्र के अलंकार सिनेमा रोड, डटमामोड़, कुजू स्थित वाहन व्यवसायी शिवा प्रसाद के आवास में शुक्रवार की रात्रि 10-12 की संख्या में पहुंचे नकाबपोश हथियार बंद अपराधियों ने जमकर लूटपाट मचाई। अपराधी इस दौरान तीन लाख रुपये नकद व करीब 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, वस्त्र आदि लेकर चलते बने। घटना की सूचना भुक्तभोगी व्यवसायी शिवा प्रसाद द्वारा रात्रि में ही तत्काल एसपी प्रभात कुमार व कुजू ओपी प्रभारी अवधेश कुमार को दी गई।
ओपी प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई के तहत घटनास्थल पहुंच कर मामले की छानबीन की। पुलिस अपराधियों की धर पकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र के लोग भयभीत हैं। भुक्तभोगी व्यवसायी शिवा प्रसाद के अनुसार उनकी गैर मौजूदगी में रात्रि करीब सवा 11 बजे उनकी पत्नी राधा देवी अपनी गाय को उसके कमरे में ले जाने के लिए आवास का दरवाजा खोल कर ज्योंही बाहर निकली कि पहले से घात लगाए सशत्र अपराधियों ने उन्हें हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया।
साथ ही उन्हें अंदर ले जाकर अलमारी तोड़ते हुए व पूरा घर खंगाल कर नगद तीन लाख रुपये व लगभग 15 लाख रुपये के आभूषण ले लिए। अपराधियों ने लूटपाट के दौरान उनकी पत्नी राधा देवी व बड़ी बेटी मुस्कान की नथिया-बिछिया आदि तक खुलवा ली। वहीं एक अपराधी उनकी छोटी बेटी रिया को साथ ले जाकर आसपास के घरों को खुलवाने की बात कह रहे थे। लेकिन व्यवसायी की पत्नी द्वारा अपराधियों के समक्ष गिड़गिड़ाने पर उन्होंने छोटी बेटी रिया को छोड़ दिया। साथ ही पत्नी राधा देवी की लूटी गई नथिया लौटा दी।
फंदे से झूलकर युवक ने की आत्महत्या
खूंटी थाना क्षेत्र के कालामाटी पोढ़ोटोली गांव निवासी बोड़ा खलखो का 18 वर्षीय पुत्र अनीश खलखो ने शुक्रवार की देर रात अपने घर में ही फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह जब स्वजनों की नजर फंदे से झूलते अनीश पर पड़ी तब तक उसकी मृत्यु हो चुके थी। बाद में इसकी सूचना खूंटी थाना की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। समाचार लिखे जाने तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मृतक के पिता बोड़ा खलको ने पुलिस को बताया कि अनीश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। संभवत: इसी कारण उसने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली हो।
