विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

RIMS रांची में चार अहम पदों पर नियुक्ति की तैयारी, नर्सिंग और डेंटल कालेज के प्राचार्य पद जल्द भरे जाएंगे

Published: Mon, 06 Jul 2026 06:24 PM (IST)

रिम्स रांची में आंतरिक वित्तीय सलाहकार, विजिलेंस ऑफिसर, नर्सिंग और डेंटल कॉलेज के प्राचार्य सहित चार महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति ...और पढ़ें

रिम्स रांची में चार अहम पदों पर जल्द होगी नियुक्ति प्रशासनिक व शैक्षणिक व्यवस्था को मिलेगी मजबूती।

रिम्स रांची में चार अहम पदों पर जल्द होगी नियुक्ति प्रशासनिक व शैक्षणिक व्यवस्था को मिलेगी मजबूती।

HighLights

  1. रिम्स में चार महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू।

  2. आंतरिक वित्तीय सलाहकार, विजिलेंस ऑफिसर पद भरे जाएंगे।

  3. नर्सिंग, डेंटल कॉलेज को मिलेंगे स्थायी प्राचार्य।

जागरण संवाददाता, रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में चार महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया तेज होने जा रही है। हाल ही में स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इन पदों पर नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी।

इसके बाद रिम्स प्रबंधन इन पदों के लिए प्रस्ताव तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को भेजने की तैयारी में जुट गया है। डेंटल कालेज के प्राचार्य पद के लिए विज्ञापन भी निकल चुका है।

जिन चार पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी, उनमें आंतरिक वित्तीय सलाहकार, विजिलेंस आफिसर, प्राचार्य नर्सिंग कालेज और प्राचार्य डेंटल कालेज शामिल हैं। इन पदों के नियमित रूप से भर जाने से संस्थान में वित्तीय अनुशासन, प्रशासनिक निगरानी और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।

लंबे समय से चल रहा प्रभार में

रिम्स में लंबे समय से कई महत्वपूर्ण पद या तो रिक्त हैं या अतिरिक्त प्रभार के सहारे संचालित हो रहे हैं। इसका असर प्रशासनिक निर्णयों, वित्तीय निगरानी और शैक्षणिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। हाल के वर्षों में आडिट आपत्तियों और वित्तीय मामलों को लेकर उठे सवालों के बीच आंतरिक वित्तीय सलाहकार की नियुक्ति को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आइएफए की नियुक्ति होने से वित्तीय प्रस्तावों की स्वतंत्र जांच, खर्च की निगरानी और नियमों के अनुपालन को मजबूती मिलेगी। इसी तरह विजिलेंस आफिसर का पद भी संस्थान में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिहाज से अहम माना जाता है।

यह पद लंबे समय से नियमित रूप से भरा नहीं जा सका है। नियुक्ति होने पर शिकायतों की जांच, सतर्कता से जुड़े मामलों और संस्थान की आंतरिक निगरानी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

शैक्षणिक संस्थानों को भी मिलेगा स्थायी नेतृत्व

रिम्स के अधीन संचालित नर्सिंग कालेज और डेंटल कालेज में भी नियमित प्राचार्य नियुक्त करने की तैयारी है। अभी इन संस्थानों का संचालन प्रभार के आधार पर किया जा रहा है।

स्थायी प्राचार्य मिलने से राष्ट्रीय नर्सिंग आयोग (एनएनसी) और डेंटल काउंसिल आफ इंडिया (डीसीआइ) के मानकों के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों, फैकल्टी विकास, शोध और सीट वृद्धि की योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।

सीट बढ़ाने की तैयारी भी जारी

स्वास्थ्य विभाग पहले ही रिम्स में एमबीबीएस, एमडी-एमएस और एमडीएस पाठ्यक्रमों में सीट वृद्धि की तैयारी की समीक्षा कर चुका है। इसके लिए आधारभूत संरचना, फैकल्टी और प्रशासनिक संसाधनों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में चारों महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति को सीट वृद्धि और संस्थान की शैक्षणिक साख से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

बैठक में मिला था स्पष्ट संकेत

हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने रिक्त पदों पर नियुक्ति, प्रोन्नति, सेवा नियमावली, वित्तीय प्रबंधन और संस्थान की प्रशासनिक क्षमता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया था। उसी क्रम में इन चार प्रमुख पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

चार प्रमुख पद, जिन पर होगी नियुक्ति

  • आंतरिक वित्तीय सलाहकार (आइएफए)
  • विजिलेंस आफिसर
  • प्राचार्य, रिम्स नर्सिंग कालेज
  • प्राचार्य, रिम्स डेंटल कालेज

यह भी पढ़ें- झारखंड की नई औद्योगिक नीति: सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को 30 करोड़ तक की सब्सिडी

यह भी पढ़ें- झारखंड की नई औद्योगिक नीति 2026: MSME को बंपर सब्सिडी, 25,000 नौकरियाें का लक्ष्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।