विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची रिम्स से भागा बंदी, लेकिन अस्पताल की ‘चहारदीवारी’ नहीं कर पाया पार; परिसर में ही पकड़ा गया

Published: Fri, 25 Sep 2026 07:46 AM (IST)

रिम्स से इलाज के दौरान फरार हुआ पाकुड़ जेल का बंदी परिसर में ही पकड़ा गया। पुलिस सुरक्षा में लापरवाही ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. पाकुड़ जेल का विचाराधीन बंदी रिम्स से फरार हुआ।

  2. पुलिस ने फरार बंदी को रिम्स परिसर से ही पकड़ा।

जागरण संवाददाता, रांची। रांची के रिम्स से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बंदी के फरार होने के कुछ समय में ही उसे पकड़ लिया गया। रिम्स में इलाज के लिए भर्ती पाकुड़ मंडल कारा के विचाराधीन बंदी हथिया हेम्ब्रम के फरार होने के मामले में बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि पुलिस ने फरार होने के कुछ समय बाद ही उसे रिम्स परिसर से पकड़ लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वह सुरक्षा में तैनात जवानों को चकमा देकर वार्ड से बाहर कैसे निकला।

बंदी के फरार होने को लेकर पाकुड़ जेल के गार्ड समीर बास्की के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद पुलिस ने रिम्स और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान पता चला कि बंदी रिम्स परिसर में ही मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

हथिया हेम्ब्रम को 19 सितंबर को जांच और इलाज के लिए रांची लाया गया था। 20 सितंबर को उसे रिम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे एमआईसीयूडब्ल्यू-5 में शिफ्ट किया गया। बुधवार की अहले सुबह करीब चार बजे ड्यूटी पर तैनात जवानों को बंदी गायब मिला। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, बंदी लंगड़ा कर चलता है। उसने हथकड़ी छिपाने के लिए उसके ऊपर प्लास्टिक बांध लिया था। हालांकि वह रिम्स परिसर से बाहर नहीं निकल पाया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

मामले की जांच एसआई प्रशांत गौरव कर रहे हैं। ड्यूटी में तैनात तीन पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ें- रांची में पहचान छिपाकर रह रहे थे पटना के अपराधी, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2 इनामी बदमाश गिरफ्तार